लियोनार्डो डि कैप्रियो की सुपरहिट फिल्म ब्लड डायमंड में एक छोटे से रोल में नज़र आए गौरव चोपड़ा टीवी की दुनिया के बड़े सितारे माने जाते हैं। कई सीरियल्स के अलावा वे बिग बॉस में भी हिस्सा ले चुके हैं। हाल ही में गौरव चोपड़ा ने फैशन कंसल्टेंट हितिशा चेरांदा के साथ दिल्ली में शादी रचाई है। गौरव चाहते थे कि वे अपनी शादी को एक डेस्टिनेशन वेडिंग का रूप दें लेकिन अपनी मां की हेल्थ को देखते हुए उन्होंने अपना इरादा बदल दिया। गौरव इंडस्ट्री में अपने रिश्तों को लेकर काफी बेबाक रहे हैं। उन्होंने टीवी एक्ट्रेस नारायणी से ब्रेकअप के बाद मोनी रॉय को डेट करना शुरू किया था। गौरव ने मोनी के साथ रियेल्टी शो पति, पत्नी और वो में भी हिस्सा लिया था। हालांकि दोनों ने 2012 में ब्रेकअप कर लिया था।
नारायणी के मुताबिक, मोनी और गौरव एक दूसरे के लिए नहीं बने थे। उन्होंने कहा कि उन दोनों का चीज़ों को देखने का नज़रिया बेहद अलग था। मोनी एक बेहद स्वीट लड़की है। लेकिन अगर देखा जाए तो मेरे और गौरव के बीच भी तो चीज़ें चल नहीं पाईं ना? लेकिन ये जरूर है कि मोनी और गौरव के बीच चीज़ें अलग स्तर पर खत्म हुई है। मुझे गौरव की दोस्त होने में दिक्कत नहीं है लेकिन मुझे नहीं लगता कि मोनी भी गौरव की दोस्त हो सकती है। लेकिन अलग-अलग लोग अलग-अलग तरीके से सोचते हैं और इसमें किसी को कोई समस्या नहीं होनी चाहिए।

वहीं नारायणी ने गौरव की पत्नी की काफी तारीफ़ें की। उन्होंने कहा कि हितिशा जानती हैं कि उन्हें क्या चाहिए। वो एक बेहद स्ट्रॉन्ग महिला है। गौरव को ऐसी ही किसी लड़की की तलाश थी। मेरे पति टोनी और गौरव काफी अच्छे दोस्त बन चुके हैं। वे दोनो एक दूसरे की कंपनी को काफी पसंद करते हैं और कई बार एक दूसरे के साथ वक्त भी बिताते हैं। मुझे अफसोस है कि मैं गौरव की शादी में शरीक नहीं हो पाई थी। दरअसल मैं शूटिंग के चलते बेहद व्यस्त थी। गौरतलब है कि गौरव और मोनी को एक समय पर टीवी के सबसे क्यूट कपल में शुमार किया जाता था लेकिन 2012 में ब्रेकअप के बाद दोनों की राहें अलग हो गई। मोनी ने मोहित रैना को डेट करना शुरू कर दिया और गौरव ने हितीशा के साथ शादी रचा ली।
