बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा (Anushka Sharma) और क्रिकेटर विराट कोहली (Virat Kohli) ने सोशल मीडिया के जरिए फैंस को खुशखबरी दी है। विरुषका ने एक पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि वह माता-पिता बनने वाले हैं उनके घर जल्द ही एक नन्हा मेहमान आने वाला है। विराट और अनुष्का ने दिसंबर 2017 में इटली में शादी की थी। बॉलीवुड और क्रिकेट की यह जोड़ी फैन्स के लिए एक परफेक्ट रिलेशनशिप का उदाहरण है। आज हम आपको बताएंगे कि पहली बार जब विराट, अनुष्का से मिले थे तब क्या हुआ था-
विराट कोहली एक जाने-माने शैंपू के कमर्शियल शूट पर जाने वाले थे। ये 2013 की बात है। उन्होंने अपने मैनेजर से पूछा कि मैं ये शूट किसके साथ करने वाला हूं। उनके मैनेजर ने जब यह बताया कि उनका शूट अनुष्का शर्मा के साथ है, तब वो उस बात पर यकीन नहीं कर पाए थे। उन्होंने अपने मैनेजर से कहा था कि तुम मुझसे मज़ाक कर रहे हो।लेकिन जब उन्हें सच में मालूम हुआ कि उनका शूट अनुष्का के साथ ही है, तो वे सोच में पड़ गए कि मैं एक प्रोफेशनल एक्टर के साथ कैसे शूट कर पाऊंगा। उनके मैनेजर के समझाने पर वो शूट पर गए थे।
विराट जब पहली बार अनुष्का से मिले तो इतने नर्वस हो गए कि उन्हें समझ नहीं आ रहा था क्या बोले। वो सेट पर खड़े थे, अनुष्का लंबी थीं, उपर से वो हील्स पहने हुए सेट पर आई थीं। वो उनसे बहुत लंबी लग रहीं थीं। विराट नर्वस तो थे ही, उन्होंने सोचा कि कुछ फनी करते हैं और अनुष्का से बोले, ‘क्या आपको इससे ऊंची हील नहीं मिली।’ अनुष्का ने विराट की इस बात पर हंसने के बजाय कहा, ‘एक्सक्यूज़ मी!’
इसके बाद विराट कुछ समय के लिए बहुत अजीब महसूस करने लगे थे। हालांकि उन्होंने अनुष्का को बता दिया कि वो मज़ाक कर रहे थे। वो शूट 3 दिनों तक चला था। धीरे – धीरे दोनों को यह एहसास हुआ कि अलग-अलग करियर बैकग्राउंड होने के बावजूद भी दोनों में बहुत सी समानताएं हैं। दोनों ही मिडिल क्लास फैमिली से आते थे। दोनों ने एक ही साल यानी 2008 में अपने करियर की शुरुआत की थी। और भी बहुत सी बातें थी जो दोनों के बीच कॉमन थीं।