बिहार में सातवीं कक्षा के प्रश्न पत्र को लेकर विवाद छिड़ा हुआ है। बिहार के किशनगंज जिले के एक स्कूल में सातवीं की परीक्षा में दिए प्रश्न पत्र में कश्मीर को अलग देश बताया गया है। जिसे लेकर तमाम लोगों ने नाराजगी जाहिर की है। इसी बीच ‘द कश्मीर फाइल्स’ के डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है।
उन्होंने ट्विटर पर लिखा,”ये कोई गलती नहीं है। ये होता आया है। कश्मीर को लेकर फैल रही जागरूकता के कारण इस बार ये पकड़े गए हैं। अगर ये गलती भी हैं तो बड़ी शर्म की बात है।” विवेक के ट्वीट पर कई अन्य यूजर्स ने भी इसे शर्मनाक बताया है। वहीं कुछ ने विवेक की खिंचाई करना शुरू कर दिया।
सौरव सिंह ने लिखा,”कभी बिलकिस बानो के लिए भी आवाज उठाएंगे? और जब कश्मीरी पंडितों से सच में तुम्हें लगाव होता तो पहले सरकार से सवाल पूछते। लेकिन आप जैसे लोग सर्कस चला रहे है। अपना मुद्दा बनता भाड़ में जाये जनता। कायर!”
पंकज झा ने लिखा,”मुझे यकीन है कि ये जानबूझकर किया गया है और इसमें शामिल लोगों पर दुश्मनी का मुकदमा चलाया जाना चाहिए। दुर्भाग्य से हम उत्तर कोरिया नहीं हैं वरना अब तक उन्हें कुत्तों को खिलाया जा चुका होता।”
आपको बता दें कि कश्मीर या कश्मीरी हिंदुओं को लेकर किसी बयान या विवादित टिप्पणी पर विवेक अग्निहोत्री रिएक्शन जरूर देते हैं। इससे पहले भी अग्निहोत्री कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूख अब्दुल्ला के बयान पर बुरी तरह विफर गए थे। फारूक अब्दुल्ला ने टार्गेट किलिंग पर विवादित बयान देते हुए कहा था कि जब तक इंसाफ नहीं होता, तब तक ये सब चलता रहेगा।
विवेक अग्निहोत्री ने कहा,”धारा 370 हटने से ये लोग तिलमिला गए हैं। जैसे मोहल्ले में कोई गुंडा रोज रात को जाकर लोगों के घरों में तोड़फोड़ कर दे, आग लगा दे और अगली सुबह उठकर बोले पुलिस इसे ठीक क्यों नहीं करती है। इनके दो रूप हैं। आपने सुना होगा कि हाथी के दांत खाने के कुछ और दिखाने के कुछ और। ऐसे ही इनके खाने के दांत कुछ और कांटने के कुछ और हैं।”