IIFA 2024: अंतर्राष्ट्रीय भारतीय फिल्म अकादमी पुरस्कार (IIFA Awards 2024) का आगाज होने जा रहा है और इसमें बॉलीवुड हस्तियों के लिए रेड कार्पेट तैयार है। तीन 27 सितंबर से 29 सितंबर तक चलने वाला ये अवॉर्ड फंक्शन अबू धाबी के यस आईलैंड में हो रहा है। इसके लिए शाहरुख खान, रेखा, ऐश्वर्या राय और विक्की कौशल अबू धाबी पहुंच चुके हैं। शाहरुख खान IIFA अवार्ड्स को अपने फिल्म निर्माता दोस्त करण जौहर के साथ होस्ट करने वाले हैं। विक्की कौशल भी अवॉर्ड फंक्शन को होस्ट करेंगे। जबकि रेखा, शाहिद कपूर, कृति सनोन और अन्य बॉलीवुड सितारे अपनी परफॉर्मेंस से मंच पर धमाल मचाने वाले हैं।
रेखा की परफॉर्मेंस है खास
रेखा आईफा में खास परफॉर्म करने वाली हैं। उनका शो-स्टॉपिंग परफॉर्मेंस है, जो 22 मिनट तक चलेगा। इसमें उनका साथ 150 डांसर देने वाले हैं। इस परफॉर्मेंस के लिए बॉलीवुड के मशहूर डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने उनकी ड्रेस डिजाइन की है। रेखा को उनकी अदा और खूबसूरती के लिए जाना जाता है। साल 2013 में रेखा को IIFA लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया था। इससे पहले रेखा ने आईफा में साल 2018 में परफॉर्म किया था।
IIFA अवॉर्ड का शेड्यूल
तीन दिन तक चलने वाला IIFA फंक्शन 27 सितंबर को IIFA उत्सवम के साथ शुरू होगा। मुख्य IIFA अवॉर्ड फंक्शन 28 सितंबर को होगा। कार्यक्रम के आखिरी दिन, 29 सितंबर को IIFA रॉक्स की परफॉर्मेंस होगी। आईफा उत्सवम में तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम सिनेमा के योगदान के लिए साउथ फिल्म इंडस्ट्री को ट्रिब्यूट दिया जाएगा। मेगास्टार चिरंजीवी को साउथ इंडियन सिनेमा में उनके दमदार कंट्रीब्यूशन के लिए उन्हें अवॉर्ड भी दिया जाएगा।
कब और कहां होगा स्ट्रीम?
IIFA अवार्ड्स 2024 का सीधा प्रसारण सोनी टीवी, स्टार प्लस, कलर्स टीवी पर किया जाएगा। इसके अलावा जो लोग ओटीटी पर इसे देखना चाहते हैं, उनके लिए अवॉर्ड फंक्शन ZEE5 पर भी स्ट्रीम होगा। Rayna Tours के मुताबिक, 28 सितंबर का इवेंट 18:00 बजे शुरू होगा और शो 19:30 बजे शुरू होगा।