सलमान खान, माधुरी दीक्षित और रेणुका शहाणे स्टारर फिल्म ‘हम आपके हैं कौन’ की रिलीज को 28 साल हो चुके हैं। इसे 5 अगस्त, 1994 को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही थी। मूवी के साथ इसके सभी किरदार तक खूब पॉपुलर हुए थे। इसमें रेणुका को सलमान की भाभी के किरदार में खूब पसंद किया गया था और उन्होंने भी खूब लाइमलाइट बटोरी थी। ऐसे में अब 28 साल बाद एक्ट्रेस ने खुलासा किया है कि वो इसके सेट पर घंटों प्यासे रहती थीं। वो पानी नहीं पीती थीं।
1994 में रिलीज हुई फिल्म ‘हम आपके हैं कौन’ में रेणुका शहाणे और माधुरी दीक्षित के साथ काम किया था। इस दौरान ‘धक धक गर्ल’ ने उनकी काफी मदद की थी। फिल्म के 28 साल पूरे होने के मौके पर रेणुका ने फिल्म के सेट और माधुरी से जुड़ा एक किस्सा शेयर किया है। उन्होंने खुलासा किया कि इस फिल्म के सेट पर वॉशरूम नहीं था। इसी वजह से वो शुरुआती दिनों में पानी पीना अवॉइड करती थीं। इस बात को माधुरी ने नोटिस कर लिया था। फिर उन्होंने सलमान की ऑनस्क्रीन भाभी को समझाया और हाइड्रेटेड रहने की सलाह दी। उन्होंने आउटडोर शूटिंग पर भी पानी पीते रहने के लिए प्रोत्साहित किया।
दरअसल, रेणुका शहाणे ने हाल ही में बॉलीवुड हंगामा से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बताया कि पानी ना पीने की वजह से माधुरी ने उनसे कहा था कि भले ही सेट पर वॉशरूम की दिक्कत होती हो। लेकिन पानी पीना कम मत कीजिए। इससे स्किन से जुड़ी समस्या हो सकती है। ‘धक धक गर्ल’ ने ये भी कहा कि ‘3-4 महलाएं अपने साथ ले जाकर मैनेज कर लिया जाएगा। मगर पानी कम पीने से स्किन इश्यूज हो जाएंगे।’
होटल पहुंचकर पानी पीती थीं एक्ट्रेस
रेणुका शहाणे ने अपने इंटरव्यू में आगे कहा कि उस समय सेट पर चुभने वाली लाइट्स का इस्तेमाल किया जाता था। उनका रिफ्लेक्शन भी हार्ड होता था। उन्होंने इस बात को माना कि अगर ऐसी सिचुएशन में पानी ना पीया जाए तो डी-हाईड्रेशन हो सकता था। उनके लिए माधुरी की ये सलाह बहुमूल्य साबित हुई थी। नहीं तो उन्होंने सेट पर पहले दो दिनों तक पानी ही नहीं पिया था। वो होटल में जाकर पानी पीया करती थीं।
फिल्म ने कमाए थे 250 करोड़
साल 1994 में रिलीज हुई ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट रही थी। इसने दुनियाभर में 250 करोड़ का कलेक्शन किया था। इसमें सलमान खान और माधुरी दीक्षित के साथ रेणुका शहाणे, मोहनीश बहल, अनुपम खेर और रीमा लागू समेत कई बड़े कलाकारों ने अहम भूमिका निभाई थी।