‘बिग बॉस ओटीटी 2’ विनर और यूट्यूबर एल्विश यादव इन दिनों एक बार फिर से विवादों में फंस गए हैं। उन्हें हाइबॉक्स एप से जुड़े मामले में 500 करोड़ के फ्रॉड के मामले में दिल्ली पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। उनके अलावा पुलिस की रडार पर फुकरा इंसान यानी कि अभिषेक मल्हान और भारती सिंह जैसे अन्य सेलेब्स भी हैं। आपको बता दें कि कुछ समय पहले ही एल्विश यादव स्नेक वेनम केस को लेकर चर्चा में थे। ऐसे में वो एक बार फिर से नए विवाद में फंस गए हैं।

हाइबॉक्स एप से जुड़े मामले के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस गिरफ्तार आरोपी की पहचान जे शिवराम के रूप में की गई है। इस हाइबॉक्स एप्लीकेशन के जरिए करीब 30 हजार लोगों को ठगा है। आरोपी के बैंक खातों में मौजूद 18 करोड़ रुपए भी सीज कर लिए गए हैं। आरोपी इस एप्लिकेशन में निवेशकों को गारंटिड रिटर्न देने का लालच देकर ठगी करता था। इस मामले को लेकर करीब 151 शिकायतें दर्ज की गई थीं। इसमें 500 करोड़ की धोखधड़ी होने की बात भी सामने आई थी। ऐसे में इस एप को कई सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने प्रमोट किया था। अब पुलिस ने यूट्यूबर्स और इंफ्लुएंसर्स को नोटिस भी जारी किया है। इस मामले में कॉमेडियन भारती सिंह और एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती से भी पूछताछ होने वाली है। वहीं, अभिषेक मल्हान उर्फ फुकरा इंसान समेत लक्ष्य चौधरी और पूरव झा को को भी नोटिस जारी किया गया है।

कैसे काम करता है HiBox एप्लीकेशन?

बहरहाल, अगर HiBox एप्लीकेशन के काम के बारे में बात की जाए तो पुलिस के अनुसार, शिकायकर्ताओं ने बताया कि HiBox एप्लीकेशन में पहले साइन अप कराया जाता है फिर इसमें पैसे इन्वेस्ट कराए जाते हैं। इस एप के जरिए 1-5 प्रतिशत तक ब्याज देने का दावा किया जाता है। वहीं, महीनेभर में 90 फीसदी तक रकम वापस देने का आश्वासन देता है। शिकायत में बताया गया है कि कुछ समय तक पैसे वापस दिए गए फिर बाद में पैसे मिलने बंद हो गए।

वहीं, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स पर आरोप है कि उन्होंने इस एप को प्रमोट किया था। आरोपी ने इस एप को प्रमोट करने के लिए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स का सहारा इसलिए लिया ताकि निवेशकों को अपने जाल में फंसाया जा सके। इस लिस्ट में सौरभ जोशी, अभिषेक मल्हान उर्फ फुकरा इंसान, पूरव झा, एल्विश यादव, भारती सिंह (Comedian) हर्ष लिंबाचिया (भारती सिंह के पति), लक्ष्य चौधरी, आदर्श सिंह, अमित उर्फ क्रेजी XYZ और दिलराज सिंह रावत उर्फ इंडियन हैकर जैसे यूट्यूबर्स के नाम शामिल हैं।