बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस में शुमार आलिया भट्ट के ऊपर सोशल मीडिया पर अब तक कई सारे जोक्स सामने आए। ऐसे में इन दिनों एक्ट्रेस का एक और मजाकिया वीडियो सामने आया है। इस स्पूफ वीडियो में आलिया भट्ट करण जौहर के साथ बात करती नजर आती हैं। आलिया के साथ रणबीर कपूर भी बैठे नजर आते हैं। करण जौहर वीडियो में आलिया से सवाल करते हैं, क्या तुम्हें कभी जलन होती है? ऐसे में आलिया भी लंबा चौड़ा जवाब देती हैं।

वहीं बगल में बैठे रणबीर कपूर अगल-बगल झांकते नजर आते हैं। आलिया वीडियो में कहती हैं- ‘हम दोनों एक साथ भागे हैं-‘ठीक है’। … और इनका कोई गलती नहीं है.. ये मेरा गलती है, इन्हें हम इन्हें लेकर भागे हैं.. ‘ठीक है’। मरना चाहते हैं तो इन्हीं के साथ जीना चाहते हैं तो इन्हीं के साथ.. ‘ठीक है’।’ दरअसल, आलिया इस वीडियो में जो भी कुछ कहती दिख रही हैं वह किसी और वीडियो का ऑडियो है।

इस ऑडियो को आलिया और करण की बातचीत के वीडियो में फिक्स किया गया है। हाल ही में फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम जैसे तमाम सोशल प्लैटफॉर्म पर एक ‘ठीक है’ वीडियो काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक लड़की अपने प्रेमी के साथ घर से भागी हुई है जिसमें वह अपनी जिम्मेदारी खुद लेती दिखती हैं। इस वीडियो में वह अपने हर वाक्य के साथ बार-बार ‘ठीक है’ लगाती है। इसी वीडियो के ऑडियो को आलिया भट्ट के वीडियो में लगा दिया गया है, जिसके बाद यूजर्स इस वीडियो को देख इसे फनी अंदाज में ले रहे हैं।

बता दें, इन दिनों आलिया भट्ट और रणबीर कपूर अपने रिलेशनशिप को लेकर खासा चर्चा में बने हुए हैं। ऐसे में दोनों का ये वायरल स्पूफ वीडियो सामने आया है। आलिया भट्ट और रणबीर कपूर साथ में फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ में काम कर रहे हैं। इस फिल्म का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है। इसी फिल्म की शूटिंग के बाद से ही आलिया और रणबीर के रिश्तों को लेकर खबरें आने लगीं कि दोनों एक दूसरे के साथ रिलेशनशिप में हैं।