सिंगर सोनू निगम ने बॉलीवुड को कई शानदार गाने दिए हैं। इन गानों की लिस्ट में तन्हाईयां( दिल चाहता है), साथिया(साथिया), दो पल (वीर जारा), मैं हूं ना( मैं हूं ना), नगाड़ा( जब वी मेट), जूबी डूबी(थ्री इडियट्स), कल हो ना हो, तू ही ना जाने(अजहर) और कई अन्य शामिल हैं। सोनू निगम ने अपने हिट अलबम दीवाना से लोगों का दिल जीत लिया था। सोनू निगम 30 जुलाई को 43 साल के हो गए। उनके जन्मदिन पर हम आपको रूबरू कराते हैं उनके हिट गानों से।
सोनू हालही में छह मिनट के उस वीडियो के बाद मीडिया की सुर्खियों में शामिल हुए थे, जिसमें वे सड़क पर गाने वाले सिंगर बने थे। उनका यह वीडियो वायरल हो गया था। वीडियो में उन्होंने 25 गाने मुंबई की अलग-अलग जगहों पर गाए थे। इस वीडियो में उन्होंने एक बुजुर्ग का रूप धारण कर रखा था। लोग उन्हें पहचान नहीं पाए थे। इस वीडियो के अनुभव को लेकर सिंगर सोनू ने मीडिया से बात करते हुए कहा था, ‘लोग मेरी आवाज को नहीं पहचान पाए। उन्हें मेरी आवाज पसंद आई। यह एक अच्छी बात है। इससे यह पता लगता है कि मैं बाहर किसी को भी अपनी आवाज से आकर्षित कर सकता हूं। उस दौरान मेरे साथ कोई नहीं था। ना कोई बॉडीगार्ड था, ना कोई टीम और ना ही कोई मैनेजर मेरे साथ थे। ‘
साथ ही कहा, ‘आप लोगों ने जो देखा वह वीडियो बहुत छोटा था। मैंने हर जगह एक-एक घंटे के लिए गाया था। एक घंटा चंदन (मुंबई में थिएटर) के पीछे, एक घंटा चंदन के सामने, एक घंटा चार बंगला पर। यह सूरज की धूप और धूल में बैठना आसान नहीं था। मैंने कई तरह के गाने गाए। आपने केवल दो ही गाने सुने। मैंने करीब 25 गाने गाए थे।’
यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। इस वीडियो को यूट्यूब पर एक सप्ताह में 33 लाख लोगों ने देख लिया था। सोनू निगम आज के वक्त आइकॉनिक सिंगर में से एक हैं। सोनू ने अपने दो दशक के सिंगिंग करियर में बॉलीवुड को कई शानदार गाने दिए हैं। जब उन्होंने 1990 में सिंगिंग में डेब्यू किया था तो लोग शुरुआत में उन्हें जूनियर मोहम्मद रफी के नाम से पुकारते थे।
