साउथ की ब्यूटीफुल एक्ट्रेस सामंथा (Samantha Ruth Prabhu) की साउथ से लेकर हिंदी तक में अच्छी खासी फैन फॉलोइंग है। उन्हें पॉपुलैरिटी वेब सीरीज ‘द फैमिली मैन 2’ से मिली थी। इसमें उन्होंने नेगेटिव भूमिका निभाकर सभी का दिल जीत लिया था। इसके बाद फिल्म ‘पुष्पा’ में आइटम नंबर करके तो बवाल ही मचा दिया था। इसके बाद उनके पास ढेरों प्रोजेक्ट्स की तो लाइन लग गई। हिंदी से लेकर साउथ फिल्मों तक के खूब ऑफर मिलने लगे। लेकिन उनके बारे में इस बात को कम लोग ही जानते होंगे कि फिल्मों में आने से पहले उनके घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। उन्होंने आर्थिक तंगी की वजह से लाइमलाइट की दुनिया में कदम रखा था।

अब आप सोच रहे होंगे कि आज हम उनके बारे में क्यों बता रहे हैं? दरअसल, एक्ट्रेस आज अपना 36वां जन्मदिन मना रही हैं। उनका जन्म 28 अप्रैल, 1987 को चेन्नई में हुआ था। वो फिल्मों के साथ-साथ अपनी खूबसूरती और अदाओं की वजह से काफी चर्चा में रहती हैं। इतना ही नहीं उन्हें उनके बयानों के लिए भी जाना जाता है। आज वो भले ही एक सफल अभिनेत्री के तौर पर गिनी जाती हैं लेकिन कभी उन्होंने भी अपनी जिंदगी में उतार-चढ़ाव देखे हैं।

‘मर्सल’ और ‘रंगस्थलम’ शानदार फिल्में करने वाली सामंथा का सपना एक्ट्रेस बनने का नहीं था। कई मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्मों में आने से पहले एक्ट्रेस की माली हालत ठीक नहीं थी। इसकी वजह से साल 2010 में उन्होंने फिल्मी दुनिया में कदम रखा था। बताया जाता है कि फिल्मों में आने से पहले वो पार्ट टाइम जॉब किया करती थीं। इस दौरान एक्ट्रेस को पहली फिल्म ‘ये माया चेसाव’ का ऑफर मिला था। उनकी ये पहली फिल्म ही जबरदस्त हिट रही थी। उन्हें इसके लिए बेस्ट डेब्यू फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला था। इसकी हिट के बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और काम करती रहीं साथ ही खुद को तराशा और एक सफल अभिनेत्री के तौर पर इंडस्ट्री में छा गई हैं।

ये रिकॉर्ड है सामंथा के नाम

सामंथा के बारे में बहुत कम लोग ही जानते होंगे कि रेवती के बाद वो दूसरी ऐसी एक्ट्रेस रही है, जिन्होंने 2013 में तमिल और तेलुगू के लिए फिल्मफेयर बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड जीता था। ये रिकॉर्ड भी उनके ही नाम है। बहरहाल, इन सब के अलावा सामंथा सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती हैं। वो जल्द ही बॉलीवुड एक्टर वरुण धवन के साथ फिल्म ‘Citadel’में नजर आने वाली हैं। उनका ये पहला हिंदी प्रोजेक्ट है। आखिरी बार एक्ट्रेस को फिल्म ‘शाकुंतलम’ में देखा गया था। हालांकि, ये सिनेमाघरों में कुछ खास परफॉर्म नहीं कर पाई थी और फ्लॉप रही थी।