एक्टर पंकज कपूर आज अपना 69वां जन्मदिन मना रहे हैं। 29 मई 1954 को जन्मे पंकज कपूर सिनेमा जगत में अपनी दमदार एक्टिंग के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने कई बेहतरीन टीवी सीरियल और हिंदी फिल्मों में काम किया है। पंकज ने साल 1982 में फिल्म आरोहण से बॉलीवुड फिल्मों में कदम रखा था।
इसके बाद पंकज ने रिचर्ड एटनबरों की फिल्म गांधी में महात्मा गांधी के दूसरे सेक्रेटरी प्यारेलाल की भूमिका अदा की थी जिसे एक दो नहीं बल्कि 8 ऑस्कर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। अपनी शानदार एक्टिंग जर्नी के साथ-साथ पंकज कपूर अपनी उतार-चढ़ाव भरी पर्सनल लाइफ को लेकर भी काफी चर्चा में रहे हैं। आइए आपको उनकी लव लाइफ के बारे में बताते हैं।
नीलिमा अजीम से की थी पहली शादी
पंकज कपूर ने 19 साल की उम्र में नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में दाखिला लिया था। यहां उनकी मुलाकात नीलिमा अजीम से हुई थी। नीलिमा उन दिनों कत्थक की ट्रेनिंग ले रही थीं। ड्रामा स्कूल में ही दोनों की दोस्ती हुई और दोस्ती जल्द ही प्यार में बदल गई। 2 साल रिश्ते में रहने के बाद 1979 में दोनों ने शादी करने का फैसला किया। शादी के दो साल बाद उनके घर बेटे शाहिद कपूर का जन्म हुआ।
बेटे के जन्म के बाद अनबन शुरू हो गई और दोनों ने करीब 9 साल शादीशुदा जिंदगी बिताने के बाद एक दूसरे से अलग होने का फैसला कर लिया। जब पंकज और नीलिमा अलग हुए उस वक्त शाहिद मात्र ढाई साल के थे। एक इंटरव्यू के दौरान नीलिमा ने तलाक का कारण बताते हुए कहा, ‘अलग होने का फैसला मेरा नहीं पंकज का था। वो अपनी जिंदगी में आगे बढ़ गए थे। मेरे लिए आगे बढ़ना आसान नहीं था, आगे बढ़ने में कई साल लग गए थे। मेरे लिए ये डाइजेस्ट करना मुश्किल रहा। ब्रेकअप के बाद हर चीज याद आती है, जिससे भूलना और मूव ऑन करना मुश्किल हो जाता है।’
सुप्रिया पाठक में मिला हमसफर
नीलिमा अजीम से तलाक के बाद पंकज कपूर की जिंदगी में सुप्रिया पाठक की एंट्री हुई। दोनों पहली बार साल 1986 में फिल्म ‘नया मौसम’ के सेट पर मिले थे, जो आज तक रिलीज नहीं हुई है। जब पंकज से जब सुप्रिया की मुलाकात हुई इस दौरान सुप्रिया का भी तलाक हो चुका था। देखते ही देखते दोनों एक दूसरे से प्यार करने लगे। सुप्रिया-पंकज ज्यादातर समय साथ में गुजारने लगे। दो साल तक एक दूसरे को डेट करने के बाद सुप्रिया ने शादी की बात कही। सुप्रिया तो शादी के लिए तैयार नहीं थे। वहीं सुप्रिया की मां को भी यह रिश्ता बिल्कुल भी मंजूर नहीं था। हालांकि, सुप्रिया ने अपनी मां के खिलाफ जाकर पंकज कपूर का हाथ थामा। दोनों ने साल 1989 में शादी रचाई थी। शादी के बाद पंकज कपूर और सुप्रिया पाठक बेटी सना और बेटे रूहान कपूर के माता पिता बने।