हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की पहली फीमेल सुपरस्टार यानी श्रीदेवी की आज 61वीं बर्थ एनिवर्सरी है। उनका जन्म 13 अगस्त, 1963 में तमिलनाडु में हुआ था। आज उनके जन्मदिन के मौके पर उनका परिवार उन्हें याद कर भावुक हो रहा है। बोनी कपूर ने अपनी दिवंगत पत्नी की एक खूबसूरत सी तस्वीर इंस्टाग्राम पर शेयर की है।

बोनी कपूर ने श्रीदेवी की तस्वीर शेयर करते हुए उसके साथ कैप्शन में लिखा, “हैप्पी बर्थडे माय जान।” बोनी कपूर के इस पोस्ट पर तमाम लोगों के कमेंट्स आए हैं, वो श्रीदेवी को याद कर इमोशनल हो रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि फिल्म इंडस्ट्री में श्रीदेवी की जगह कोई नहीं ले सकता। वहीं एक यूजर ने कमेंट किया, “आपने रुला ही दिया।” इस तस्वीर पर कई कमेंट्स आए हैं और लोगों ने सब पर दिल वाले इमोटिक्स पोस्ट किए हैं।

खुशी कपूर ने भी इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपनी मां के साथ एक बचपन की तस्वीर शेयर की है। जिसमें श्रीदेवी ने अपनी दोनों बेटियों जान्हवी और खुशी को गोद में लिया है। जान्हवी इस तस्वीर में क्यूट सा फेस बनाए दिख रही हैं।

श्रीदेवी के लिए तोड़ा था पहली पत्नी संग रिश्ता

बता दें कि श्रीदेवी और बोनी कपूर की शादी काफी विवादों में रही थी, लेकिन बोनी कपूर उनसे बहुत प्यार करते थे और आज भी करते हैं। उन्हें अक्सर श्रीदेवी के बारे में बात करते हुए इमोशनल होते देखा जाता है। बोनी कपूर ने श्रीदेवी के लिए अपनी पहली पत्नी मोना कपूर को छोड़ दिया था। जिनसे उनके दो बच्चे हैं, एक्टर अर्जुन कपूर और अंशुला कपूर। बोनी ने 2 जून 1996 को श्रीदेवी से शादी की थी और उनकी दो बेटियां जान्हवी कपूर और खुशी कपूर हैं। दोनों ही बेटियां अपनी मां की तरह फिल्म इंडस्ट्री पर राज करने के लिए तैयार हैं।

परिवार के लिए श्रीदेवी ने छोड़ा था करियर

श्रीदेवी ने अपनी शादी के बाद पूरा ध्यान परिवार पर लगाया और एक्टिंग छोड़ दी थी। उन्होंने सालों तक बड़े पर्दे से दूरी बनाए रखी और फिर साल 2012 में उन्होंने धमाकेदार कमबैक किया। वह ‘इंग्लिश विंग्लिश’ में नजर आईं और इसके बाद उन्होंने ‘मॉम’ फिल्म की, जो साल 2017 में रिलीज हुई थी। वह अपने करियर की दूसरी पारी में कमाल कर ही रही थीं कि साल 2018 में उनका निधन हो गया। 24 फरवरी, 2018 को श्रीदेवी का दुबई के एक होटल में कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया था, वह बाथरूम के बाथटब में मृत पाई गई थीं।