बॉलीवुड में 70 के दशक में एक से बढ़कर एक एक्ट्रेस रही हैं। जब भी उन दिनों की बेहतरीन और खूबसूरत हीरोइनों की बात होती है तो इसी में से एक मुमताज (Mumtaz) का नाम भी आता है। उनके एक्सप्रेशन, एक्टिंग और अदाओं के लोग दीवाने थे। उनकी और राजेश खन्ना (Rajesh Khanna) की केमिस्ट्री कमाल की रही है। वहीं, दोनों अच्छे दोस्त भी रहे हैं। एक्ट्रेस का नाम भले ही सफल अभिनेत्रियों में गिना जाता है मगर उनका लाइफ में एक समय ऐसा भी था जब उन्होंने काफी उतार-चढ़ाव देखे। उनका बचपन गरीबी में बीता था। बी ग्रेड की फिल्मों में काम किया था और इंडस्ट्री के कई ऐसे एक्टर्स थे, जो उनके साथ स्क्रीन तक शेयर करने में हिचकिचाते थे। ऐसे में चलिए उनकी लाइफ के बारे में आपको बताते हैं…
एक्ट्रेस मुमताज के बारे में आज हम उनके जन्मदिन के मौके पर कर रहे हैं। वो 76 साल की हो गई हैं। वो 31 जुलाई, 1947 को जन्मी थीं। मूल रूप से उनका परिवार ईरान के मशहद का रहने वाला था। उनके जन्म के एक साल बाद ही माता-पिता का तलाक हो गया था। उन्होंने अपने फिल्मी करियर में करीब 25 फिल्मों में काम किया था और सभी कमाल की रही थीं। उन्होंने 26 साल की उम्र में करियर के पीक पर शादी करके सभी को हैरान कर दिया था। मुमताज ने करियर की शुरुआत बी ग्रेड की फिल्मों से की थी। उनकी अदायगी ने हर किसी को आकर्षित किया और वो ए ग्रेड की हीरोइन बन गईं।
गरीबी में बीता था बचपन
मुमताज का बचपन बेहद ही गरीबी में बीता था। परिवार के गुजारे के लिए उनकी मां इंडस्ट्री में छोटे-मोटे काम कर लिया करती थीं। जब भी उनकी मां छोटे बच्चों को फिल्मों में काम करता देखती थीं तो उनके अंदर भी इच्छा होती थी कि उनकी बेटियां भी फिल्मों में काम करें। इसकी वजह से ही वो अपनी दोनों बेटियों को सेट पर ले जाने लगीं। फिर वो दिन भी आ गया जब मुमताज को उनकी पहली फिल्म मिली, जिसका नाम था ‘सोने की चिड़िया’। उस वक्त वो महज 11 साल की थीं।
14 साल की उम्र में दारा सिंह की हीरोइन बनीं
उस समय वो दौर था जब लंबी हाइट वाले एक्टर्स के साथ हीरोइनें काम नहीं करना चाहती थीं। वहीं, एक्शन का दौर भी चल रहा था। ऐसे में डायरेक्टर मोहम्मद हुसैन को दारा सिंह के अपोजिट एक्ट्रेस की तलाश थी और तभी उनकी नजर मुमताज पर पड़ी और उन्होंने उन्हें दारा सिंह की हीरोइन के रूप में चुन लिया। एक्ट्रेस की काम करने की चाहत थी, इसलिए उन्होंने भी हां कर दिया था। दोनों ने पहली बार फिल्म ‘फौलाद’ में साथ काम किया था। वो आज भी कहती हैं कि दारा सिंह की वजह से उनका करियर सफल रहा।
स्क्रीन शेयर करने से कतराते थे स्टार्स
मुमताज को बी-ग्रेड की हीरोइन होने का खामियाजा कहीं ना कहीं उठाना पड़ता था। ए लिस्टर्स एक्टर्स उनके साथ स्क्रीन शेयर करने से कतराते थे। शशि कपूर जैसे बड़े स्टार्स ने उनके साथ स्क्रीन शेयर करने के मना कर दिया था। वहीं, दिलीप कुमार का नाम भी इसमें शामिल है, जो उनके साथ काम नहीं करना चाहते थे। लेकिन महमूद के समझाने-बुझाने के बाद वो उनके साथ काम करने के लिए राजी हो गए थे। इसके साथ ही जितेंद्र भी एक्ट्रेस के साथ स्क्रीन शेयर करने से कतराते थे।
शम्मी कपूर से टूटा रिश्ता
शम्मी कपूर और मुमताज के प्यार के चर्चे खूब रहे हैं। दोनों को साथ में फिल्म ‘ब्रह्मचारी’ में देखा गया था। इसमें उनका हिट गाना ‘आजकल तेरे मेरे प्यार के चर्चे’ खूब पॉपुलर हुआ था। इसमें उनकी कमाल की केमिस्ट्री देखने के लिए मिली थी। इस फिल्म की शूटिंग के दौरान शम्मी और मुमताज एक-दूसरे को पसंद करने लगे थे और बताया जाता है कि एक-दूसरे से प्यार इजहार भी कर चुके थे। वो शादी करना चाहते थे। मगर बात कपूर खानदान की उस परंपरा पर फंसी जहां से उनका रिश्ता ही टूट गया। कपूर खानदान की एक परंपरा रही कि शादी के बाद बहुएं फिल्मों में काम नहीं करती थीं। इसी वजह से एक्ट्रेस शादी से इनकार कर दिया और उनका रिश्ता टूट गया।
इसके बाद मुमताज ने करियर के पीक पर शादी कर ली थी। उन्होंने परिवार वालों के कहने पर 26 साल की उम्र में बिजनेसमैन मयूर माधवानी से कर ली थी। इनसे उनकी दो बेटियां नताशा और तान्या हैं। मगर उनसे शादी के बाद उनका करियर खत्म हो गया। उन्होंने बैक टू बैक कई फ्लॉप फिल्में दी। उनके शादी के फैसले से राजेश खन्ना नाराज भी हो गए थे। वो नहीं चाहते थे कि उनका करियर इतनी उम्र में ही खत्म हो। मुमताज की आखिरी फिल्म 1990 में आई ‘आंधियां’ थी।