एक मिडिल फैमिली से आकर फिल्म इंडस्ट्री में नाम कमाना काफी आसान काम नहीं है। ये नाक से चने चबाने जैसा है। मुंबई की गलियों में कई कलाकार एक्टर बनने के सपने लेकर आते हैं। इसमें कुछ के हाथ सफलता लगती है तो कुछ थोड़े समय के बाद ही थक हारकर घर वापसी कर लेते हैं। इसी में से एक अभिनेता जिमी शेरगिल हैं, जिन्होंने अपने करियर में कई हिट फिल्में दी। वो एक पंजाबी मिडिल क्लास फैमिली से आते हैं। जब वो हीरो बनने के लिए मुंबई आए थे तो अपनी खाली जेब के साथ आए थे। लेकिन, आज उन्होंने अपनी काबिलियत के दम पर अच्छा मुकाम हासिल किया है।

दरअसल, जिमी शेरगिल आज अपना 54वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनका जन्म 3 दिसंबर, 1970 को हुआ था। एक्टर ने फिल्मों में अपने करियर की शुरुआत साल 1996 में फिल्म ‘माचिस’ से की थी। इसमें उनके अभिनय को काफी सराहा गया था। वो कभी भी एक्टिंग में नहीं आना चाहते थे। गुलजार ने ‘माचिस’ को बनाया था। इसकी शूटिंग के दौरान जिमी उनके पास असिस्टेंट डायरेक्टर का काम मांगने के लिए पहुंचे थे। इसके बाद गुलजार ने उन्हें फिल्म में छोटा सा रोल ऑफर कर दिया था, जिसके बाद वो एक्टिंग में आए और फिर ‘माचिस’ के बाद कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। जिमी शेरगिल के करियर की बेहतरीन फिल्मों में से एक साल 2000 में रिलीज हुई फिल्म ‘मोहब्बतें’ भी रही है, जिसे उनके करियर का टर्निंग प्वॉइंट माना जाता है। इसमें वो शाहरुख खान, अमिताभ बच्चन और ऐश्वर्या राय के साथ नजर आए थे। ऐसे में चलिए उनके बर्थडे के मौके पर आपको उनकी 5 बेहतरीन फिल्मों के बारे में बताते हैं…

सिकंदर का मुकद्दर

जिमी शेरगिल की फिल्म ‘सिकंदर का मुकद्दर’ को हाल ही में ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किया गया। इसमें उनके साथ एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया भी लीड रोल में हैं। मूवी के जरिए एक बार फिर से एक्टर को ओटीटी पर भौकाल मचाते हुए देखा जा सकता है। ये उनकी दमदार फिल्मों में से एक है।

मुन्ना भाई एमबीबीएस

डायरेक्टर राजकुमार हिरानी की फिल्म ‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’ को साल 2003 में रिलीज किया गया था। इसमें संजय दत्त, अरशद वारसी के साथ जिमी शेरगिल भी अहम भूमिका में थे। इस मूवी में उनके अभिनय को काफी पसंद किया गया था। इसमें उनका सिंपल और सहज रोल देखने के लिए मिला था। इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।

साहेब बीवी और गैंगस्टर

फिल्म ‘साहेब बीवी और गैंगस्टर’ जिमी शेरगिल की बेहतरीन फिल्मों में से एक है। इसमें वो ‘साहेब’ बनकर खूब रंग जमाते हुए नजर आए थे। इसमें उनका भौकाली अंदाज दर्शकों को खूब पसंद आया था। तिग्मांशु धूलिया के निर्देशन में बनी इस फिल्म को साल 2011 में रिलीज किया गया था। इसमें उनके साथ माही गिल और रणदीप हुड्डा भी अहम भूमिकाओं में थे। इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म गूगल प्ले पर देखा जा सकता है।

बुलेट राजा

सैफ अली खान और सोनाक्षी सिन्हा स्टारर फिल्म ‘बुलेट राजा’ को साल 2013 में रिलीज किया गया था। इस फिल्म का निर्देशन तिग्मांशु धूलिया ने किया था। फिल्म में जहां सैफ का धांसू अंदाज देखने के लिए मिला था वहीं, जिमी शेरगिल को भी कमाल के रोल में देखा गया था। इसमें सैफ और जिमी की जोड़ी ने जमकर धमाल मचाया था। इस फिल्म को ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो और डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर देख सकते हैं।

तनु वेड्स मनु

आर माधवन और कंगना रनौत की फिल्म ‘तनु वेड्स मनु’ सिनेमा जगत की बेहतरीन फिल्मों में से एक रही है। इसमें दोनों स्टार्स के साथ ही सपोर्टिंग कैरेक्टर में जिमी शेरगिल को भी देखा गया था। फिल्म में उनकी कमाल की परफॉर्मेंस ने फैंस का दिल जीत लिया था। इसका निर्देशन आनंद एल राय ने किया था। इस फिल्म को प्राइम वीडियो और जियो सिनेमा पर देख सकते हैं।

जिमी शेरगिल से जुड़ी इस खबर को तो आपने पढ़ लिया। इसके साथ ही आप उनकी शिक्षा के बारे में जानना चाहते हैं तो ये भी पढ़ सकते हैं। इतना ही नहीं, उनका असली नाम भी यहां जान सकते हैं।