बॉलीवुड एक्टर, प्रोड्यूसर, लेखक और कार्यकर्ता दिलीप कुमार का जन्म 11 दिसंबर 1922 में पाकिस्तान के पेशावर के किस्सा ख्वानी बाजार (अब खैबर पख्तूनख्वा) में एक अवान परिवार में हुआ था। उनके पिता का नाम अघाजी था जो पेशे से जमींदार और फलों के व्यापारी थे। दिलीप का असली नाम मोहम्मद युसूफ खान है। उन्होंने नासिक के देवलाली के बार्नस स्कूल में पढ़ाई की है। शोमैन के नाम से मशहूर राज कपूर उनके बचपन के दोस्त थे। साल 1930 में उनका परिवार पाकिस्तान से मुंबई के चेंबूर में आकर बस गया था। इस साल एक्टर अपना 95वां जन्मदिन मना रहे हैं।
फिल्म इंडस्ट्री में दिलीप कुमार को एक ऐसे एक्टर के तौर पर जाना जाता है जो रियलिज्म (असली) एक्टिंग को फिल्मों में लेकर आए थे। उन्हें अपने समय का महान और प्रभावित करने वाला एक्टर माना जाता था। उन्हें सत्यजीत रे ने एक ‘अल्टीमेट मैथड एक्टर’ कहा था। उन्होंने साल 1944 में आई फिल्म ज्वार भाटा के जरिए अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। आज उनके जन्मदिन पर हम आपको बताते हैं उनसे जुड़े कुछ तथ्य जिनके बारे में आपको कम ही पता होगा।
1. बॉलीवुड में पाकिस्तान से ताल्लुक रखने वाले पहले सुपरस्टार बने थे दिलीप कुमार। उन्हें दिलीप नाम देविका रानी ने दिया था।
2. दिलीप कुमार को बॉलीवुड में ट्रैजिडी किंग के नाम से जाना जाता है।
3. अशोक कुमार में दिलीप कुमार को अपना मेंटर मिला था। अपनी पहली फिल्म भी उन्हें अशोक जी कि सिफारिश पर मिली थी।
4. दिलीप कुमार को पहचान और शोहरत देने का काम किया साल 1947 में रिलीज हुई फिल्म जुगनू ने। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और 6 दशकों तक बॉलीवुड पर राज किया।
5. फिल्मफेयर के बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड पाने वाले पहले शख्स दिलीप कुमार थे। इसके बाद उन्होंने 8 बार इस अवॉर्ड को अपने नाम किया।
6. 44 साल की उम्र में दिलीप कुमार ने साल 1966 में 22 साल की सायरा बानो से शादी की थी। इसके बाद साल 1980 में उन्होंने हैदराबाद की एक लड़की आसमा से शादी की थी। हालांकि उनकी यह शादी ज्यादा समय नहीं चली।