बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर, प्रोड्यूसर और राजनेता धर्मेंद्र का जन्म 8 दिसंबर 1935 को पंजाब के लुधियाना जिले के नसराली गांव में एक जाट परिवार में हुआ था। उनके पिता का नाम केवल किशन सिंह देओल और माता का नाम सतवंत कौर था। उनके पुर्खों के गांव का नाम दगांव है जो लुधियाना के नजदीक पखोवल में स्थित है। धर्मेंद्र ने अपनी जिंदगी के शुरुआती साल सहनेवाल गांव में बिताए थे। उन्होंने लुधियाना के लालटन कलां गांव के सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय से पढ़ाई की थी, जहां उनके पिता हेडमास्टर के तौर पर काम करते थे। इस साल एक्टर अपना 82वां जन्मदिन मना रहे हैं।

फिल्मों में अपने किरदार की वजह से धर्मेंद्र को एक्शन किंग और ही-मैन का नाम दिया गया है। उन्होंने फिल्मफेयर मैग्जीन का न्यू टैलैंट अवॉर्ड जीता था और उसके बाद काम की तलाश में पंजाब से मुंबई आ गए थे। उन्होंने अर्जुन हिंगोरानी की फिल्म दिल भी तेरा हम भी तेरा के जरिए बॉलीवुड में डेब्यू किया था। आज उनके जन्मदिन पर हम आपको बताते हैं उनसे जुड़े कुछ दिलचस्प तथ्यजिनके बारे में कम ही लोग जानते हैं।

1. धर्मेंद्र बचपन से ही एक्टर बनने का सपना देखते थे। मां की एक सलाह ने उनकी जिंदगी बदल दी थी। उनकी मां ने ही उन्हें फिल्मफेयर मैग्जीन को पत्र लिखकर अपनी तस्वीरें भेजने के लिए कहा था।

2. फिल्मों में काम करने से पहले धर्मेंद्र रेलवे में क्लर्क की नौकरी किया करते थे। जहां उन्हें सवा सौ रुपए सैलरी मिला करती थी।

3. केवल 19 साल की उम्र में साल 1954 में धर्मेंद्र की शादी प्रकाश कौर के साथ हुई थी। इसके बाद उन्हें अपनी को-स्टार हेमामालिनी में प्यार हुआ और दोनों ने 1980 में इस्लाम धर्म अपनाकर शादी कर ली थी।

4. 1991 में आई सनी देओल की फिल्म घायल को धर्मेंद्र ने प्रोड्यूस किया था। इसके लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ फिल्म का फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला था।

5. साल 2012 में सिनेमा में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए भारत सरकार ने धर्मेंद्र को पद्मभूषण से नवाजा था।

6. भारतीय जनता पार्टी की तरफ से धर्मेंद्र ने 14वीं लोकसभा का चुनाव लड़ा और जीता था। वे राजस्थान की बीकानेर से साल 2005-2009 तक सासंद रहे हैं।