बॉलीवुड के प्लेबैक सिंगर अरिजीत सिंह (Arijit Singh) आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। उन्होंने अपनी गायिकी के दम पर इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई है। आज वो भले एक सफल गायक और पास में बेहतरीन फैन फॉलोइंग है। मगर उनके लिए ये स्टारडम पाना कोई आसान नहीं था। इसके पीछे उनकी कड़ी मेहनत है। उन्होंने महज 18 साल की उम्र में रिजेक्शन झेला था और जब पहला गाना जैसे-तैसे मिला तो वो आज तक रिलीज ही नहीं हुआ। दरअसल, अरिजीत सिंह के बारे में ये सारी बातें आपको उनके जन्मदिन के मौके पर बता रहे हैं।

अरिजीत सिंह(Arijit Singh) 25 अप्रैल को 36 साल के हो गए हैं। उनका जन्म 25 अप्रैल, 1987 को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में हुआ था। उनके पिता कक्कड़ सिंह एक सिख थे, जबकि मां अदीति बंगाली थीं। बचपन से ही सिंगर को गाने में मन लगता था। उन्होंने बहुत छोटी सी उम्र में ही संगीत की शिक्षा लेनी शुरू कर दी थी। उन्हें गायिकी विरासत में मिली थी क्योंकि उनकी मां भी एक सिंगर ही थीं। वही, मामाजी तबलावादक थे। अरिजीत ने बचपन में ही ये तय कर लिया था कि वो संगीत की दुनिया में ही अपना करियर बनाएंगे। लेकिन, उनके लिए बॉलीवुड में एंट्री करना कोई आसान बात नहीं रही थी।

18 साल की उम्र में झेला रिजेक्शन

अरिजीत सिंह को करियर के शुरुआती दिनों में खूब असफलताएं ही हाथ लगी थीं। सबसे पहले वो टीवी रियलिटी शो ‘फेम गुरुकुल’ में दिखे थे। इसमें वो टॉप 5 में पहुंचने से पहले ही बाहर कर दिए गए थे। उस समय वो सिर्फ 18 साल के थे। इस दौरान उनके लिए अच्छी बात ये रही थी कि उनकी आवाज को संजय लीला भंसाली ने नोटिस किया था और उन्होंने उन्हें रणबीर कपूर की पहली फिल्म ‘सांवरिया’ में ‘यूं शबनमी’ गाने को गाना का मौका दिया था। हालांकि, उनकी आवाज में गाया गया ये गाना कभी रिलीज नहीं हुआ।

सिंगर अरिजीत सिंह (Source- express File Photo)

अरिजीत ने खोला रिकॉर्डिंग स्टूडियो

इसके साथ रही अरिजीत सिंह ने टीवी शो ’10 के 10 ले गए दिल’ को जीता था और इसमें मिले 10 लाख रुपए से अपना एक रिकॉर्डिंग स्टूडियो खोला था और उनका पहला एलबम भी ‘सांवरिया’ फिल्म का ही था, जो कभी भी रिलीज नहीं हो सका।

Jansatta Arijit Singh file photo

‘आशिकी 2’ से मिली थी पहचान

अरिजीत सिंह ने भी अपने जीवन में कभी हार नहीं मानी और वो संगीत की दुनिया में नाम कमाने के लिए सपनों के पीछे भागते रहे और मेहनत करते रहे। इसके बाद उनकी जिंदगी में आखिरकार वो दिन आ गया जब उन्हें नाम और पहचान दोनों ही मिली। सिंगर को ‘आशिकी 2’ का गाना ‘तुम ही हो’ से नेम और फेम दोनों ही मिला। इसमें उनकी गायिकी को पूरी दुनिया ने नोटिस किया। उनकी दर्द भरी आवाज की दुनिया दीवानी हो गई। इसी साल अरिजीत सिंह ने ‘फिर मोहब्बत’ और ‘राब्ता’ गाने गाए और फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।