कॉमेडियन भारती सिंह और हर्ष चंबाचिया के बाद गुरमीत चौधरी और देबीना के घर भी किलकारी गूंजी है। नवरात्रि में इनके घर मां का आगमन हुआ है। मिली जानकारी के मुताबिक देबीना ने 3 अप्रेल को बेटी को जन्म दिया है। पापा बने गुरमीत ने एक वीडियो शेयर करके फैंस को ये खुशखबरी दी है। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

गुरमीत ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किया है। जिसमें गुरमीत के हाथ में देबीना का हाथ है। दोनों अपने हाथ खोलते हैं और बच्ची का नन्हा हाथ नजर आता है। इस वीडियो के कैप्शन में गुरमीत ने लिखा, ” अत्यंत कृतज्ञता के साथ हम अपनी “बेबी गर्ल” का इस दुनिया में स्वागत करते हैं। आप सभी के प्यार और दुआ के लिए धन्यवाद। लव एंड ग्रेटीट्यूड-गुरमीत और देबीना।”

एक्टर के इस वीडियो पर टीवी से लेकर बॉलीवुड कलाकारों के शुभकामना संदेश आ रहे हैं। बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद ने भी गुरमीत को बधाई दी है। उन्होंने लिखा,”बधाई हो मेरे भाई।” एक्टर बख्त्यार ने लिखा,” बधाई हो। सभी रातों की नींद हराम करने के लिए भी शुभकामनाएं… भगवान भला करे।” इसके अलावा तारक मेहता का उल्टा चश्मा की मुनमुन दत्ता यानी बबीता जी ने भी शुभकामनाएं दी थी।

रिएलिटी शो पर मांगा था हाथ: बता दें कि दोनों ने टीवी की रामायण में राम और सीता का किरदार निभाया था। तभी से दोनों की जोड़ी मशहूर होने लगी थी। इसी दौरान दोनों एक-दूसरे को चाहने लगे थे। साल 2009 में जोड़ी ने टीवी के एक रिएलिटी शो ‘पति-पत्नी और वो’ में हिस्सा लिया था। जिसमें दोनों को पति-पत्नी की तरह एक घर में रहना था। इस दौरान उन्हें घर की जिम्मेदारी के साथ-साथ बच्चों को भी संभालना था।

Also Read
भारती सिंह-हर्ष लिम्बचिया के घर आया नन्हा मेहमान, बेटे को दिया जन्म

इसी शो में गुरमीत ने देबीना के घरवालों से रिश्ते की बात की थी। गुरमीत और देबीना दोनों ही काफी डरे हुए थे। लेकिन गुरमीत ने फोन लगाकर देबीना के पिता से उनका हाथ मांगा था। हालांकि शो में होने के कारण उन्हें कुछ सही जवाब नहीं मिल पाया। शो से बाहर आने के कुछ समय के बाद ही दोनों ने शादी कर ली थी।

दोनों ने एक-दूसरे को पाने के लिए काफी मुश्किलों का सामना किया है। देबीना एक बंगाली परिवार से ताल्लुक रखती है और गुरमीत बिहार से हैं। बहुत मिन्नतों के बाद उनके रिश्ते को परिवार से मंजूरी मिल पाई।

दो बार शादी कर चुके हैं दोनों: गौरतलब है कि गुरमीत और देबीना साल 2006 में ही एक-दूसरे के साथ शादी के बंधन में बंध चुके थे। उन्होंने गुपचुप शादी कर ली थी। फिर साल 2011 में दोनों ने परिवार और दोस्तों के बीच सात फेरे लिए।