फिल्म ‘गली बॉय’ से रणवीर सिंह और आलिया भट्ट का फर्स्ट लुक जारी कर दिया गया है। तस्वीर में आप आलिया भट्ट को हिजाब पहने और रणवीर सिंह को हुडी पहने देख सकते हैं। फोटो में आप आलिया भट्ट और रणवीर सिंह के चेहरे पर चोट के निशान भी देख सकते हैं। तस्वीरें ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने अपने वैरिफाइड ट्विटर हैंडल से पोस्ट की गई हैं। तरण आदर्श ने इसी तस्वीर के साथ फिल्म की रिलीज डेट भी बता दी है। फिल्म 14 फरवरी 2019 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

इससे पहले रणवीर सिंह और आलिया भट्ट की गली बॉय से कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर लीक की जा चुकी हैं लेकिन यह पहली बार है कि जब आधिकारिक रूप से तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की गई हैं। फिल्म के लिए रणवीर ने अपने मसल्स लूज किए हैं और वह एक लड़के वाले लुक में आ गए हैं। फिल्म के बारे में रणवीर ने कहा- यह मुंबई की सड़कों पर रहने वाले युवाओं की कहानी है, जो मुश्किलों से भरा जीवन जीते हैं और संघर्ष करते हैं।

रणवीर ने कहा कि ‘गली ब्वॉय’ की कहानी बहुत खास है। फिल्म में रणवीर जोया अख्तर के साथ काम कर रहे हैं। उनके बारे में उन्होंने कहा- जोया मेरे लिए एक निर्देशक से बढ़कर हैं। वह उनमें से हैं, जिनके साथ मेरा बहुत करीबी रिश्ता है। हम आपस में बेहद खुलकर बातचीत करते हैं और इससे एक निर्देशक-अभिनेता का अच्छा तालमेल होता है। वह बेहतरीन निर्देशकों में से एक हैं।