Somya Seth Announce Pregnancy: पिछले कुछ समय से खबरें आ रही थी कि गोविंदा की भांजी आरती सिंह मां बनने वाली हैं। हालांकि, बाद में उन्होंने एक पोस्ट शेयर कर बताया कि वो खबरें सच नहीं है और वो प्रेग्नेंट नहीं है, लेकिन अब गोविंदा की दूसरी भांजी ने खुद वीडियो शेयर कर अपनी प्रेग्नेंसी की खबर फैंस को दी है।
दरअसल, हम बात कर रहे हैं ‘नव्या’ फेम टीवी एक्ट्रेस सौम्या सेठ की, जो अब इंडस्ट्री छोड़ अपनी पर्सनल लाइफ पर फोकस कर रही हैं। सौम्या सेठ ने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर फैंस को यह खुशखबरी दी है। ये गुड़ न्यूज सुनने के बाद उनके फैंस से लेकर विक्रांत मैसी समेत कई सेलेब्स तक ने उन्हें बधाई दी है।
दूसरी बार मां बनने वाली हैं सौम्या
बता दें कि सौम्या सेठ ने साल 2023 में शुभम चुहाड़िया से दूसरी शादी की थी। शुभम पेशे से फैशन डिजाइनर हैं। अब दोनों ने साथ में मिलकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है और यह जानकारी दी है कि वह माता-पिता बनने वाले हैं। इस वीडियो में एक्ट्रेस बॉडीकॉन ड्रेस और हाई हील्स पहने बेबी बंप फ्लॉन्ट करते हुए नजर आ रही हैं। इसके साथ ही वीडियो में उनका बेटा भी दिखाई दे रहा है।
2017 में की थी पहली शादी
सौम्या सेठ ने साल 2017 में बिजनेसमैन अरुण कपूर से शादी की थी और 8 महीने बाद उन्होंने अपने बेटे आयडेन के आने की जानकारी दी और मां बनीं, लेकिन दो साल बाद उनका तलाक हो गया था। इसके बाद एक्ट्रेस ने अपने पहले पति पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया।
फैंस और सेलेब्स ने दी बधाई
एक्ट्रेस के इस वीडियो पर उनके फैंस और सेलेब्स ने कमेंट कर उन्हें बधाई दी है। विक्रांत ने कमेंट में लिखा, “आपको और आपके सुंदर से छोटे परिवार को बहुत-बहुत बधाई।” एक्ट्रेस किश्वर मर्चेंट ने लिखा, “येहहहह, बहुत खुश हूं बधाई।”
इन शो में किया एक्ट्रेस ने काम
सौम्या सेठ ने कई शो में काम किया, लेकिन उन्हें पहचान ‘नव्या’ से मिली। इसके अलावा उन्होंने ‘नव्या… नई धड़कन नए सवाल’ और ‘चक्रवर्ती अशोक सम्राट’ जैसे कई शो किए। फिलहाल एक्ट्रेस यूएस में रहती हैं और वहां रियल स्टेट एजेंट बन गई हैं।