भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह की पत्नी एक्ट्रेस गीता बसरा ने 28 जुलाई को लंदन में बेटी को जन्म दिया था। लेकिन गीता बसरा और हरभजन सिंह की तरफ से कोई बयान या जानकारी नहीं दी गई थी। गीता ने अपनी बेटी की पहली तस्वीर फैन्स को दिखाने के लिए इंस्टाग्राम का सहारा लिया है। गीता बसरा ने अपनी बेबी की तस्वीर इंस्टाग्राम पर शेयर की है। तस्वीर में गीता बसरा की बेटी ने उनकी उंगली पकड़ रखी है। बेबी ने जो ड्रेस पहनी हुई है, उस पर ‘बेबी गर्ल’ लिखा हुआ है।

तस्वीर के साथ ही गीता ने अपने फैन्स को बधाईयों के लिए शुक्रिया कहते हुए लिखा है, ‘Thank you everyone for the love and beautiful wishes for our little angel.. #blessed #Godsmiracle #bestfeeling.’ हालांकि, तस्वीर में बेटी और मां गीता का चेहरा दिखाई नहीं दे रहा है। गीता ने 28 जुलाई को लंदन के एक अस्पताल में बेटी को जन्म दिया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक हरभजन सिंह की मां अवतार कौर ने बेटी होने की खबर की पुष्टि की थी। एक हिंदी अखबार से बात करते हुए हरभजन सिंह की मां ने यह भी बताया था कि बेटी और गीता दोनों स्वस्थ हैं।

हरभजन और गीता बसरा ने पिछले साल 29 अक्टूबर को शादी की थी। वे दोनों एक दूसरे को पिछले पांच साल से डेट कर रहे थे। गीता के प्रेग्नेंट होने की खबरें इस साल अप्रैल महीने में ही आ गई थीं। आईपीएल के दौरान गीता बेबी बम्प के साथ भी नजर आई थीं। पिछले महीने गीता के बेबी शॉवर का आयोजन किया गया था। बेटी होने की खबर के बाद हरभजन सिंह तुरंत अपनी पत्नी के पास लंदन चले गए थे।

गीता ने साल 2006 में ‘दिल दिया है’ से बॉलीवुड डेब्यू किया था। इसके बाद गीता द ट्रेन और सैकंड हसबेंड मूवी में भी नजर आई थीं।

Read Also: हरभजन सिंह के घर गूंजी किलकारियां, पत्नी गीता बसरा ने दिया बेटी को जन्म