गणेश चतुर्थी का त्योहार आने वाला है और पूरे देशभर में इसे धूमधाम से मनाया जाएगा। मुंबई में इसे और भी खास तरीके से मनाया जाता है, सारे बॉलीवुड सेलेब्स भी अपने घर गणपति की स्थापना करते हैं और कुछ दिन पूजा अर्चना करने के बाद उनका विसर्जन करते हैं। सलमान खान का परिवार भी इस त्योहार को मनाता है और इस साल उन्होंने गणपति को लेकर लोगों से एक अपील की है। उन्होंने सबसे अपील की है कि अब इको फ्रेंडली गणपति लाएं, जिससे उनकी प्रतिमा इधर-उधर पड़ी न मिले।
मुंबई में एक इवेंट के दौरान सलमान खान ने फैंस से अपील की है। उन्होंने पहले इको फ्रेंडली गणपति के कान में अपनी विश बोली और इसके बाद लोगों को बताया कि अगर वो इको फ्रेंडली गणपति लाते हैं तो उससे क्या होगा। इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सलमान कह रहे हैं, “कितना खराब लगता है, पीओपी वगैरह में बना लेते हो, उसका विसर्जन होता है तो क्या अच्छा लगता है कि जब समुद्र में जाओ, आधा गणेश यहां पर पड़ा है। गणेश जी की सूंड यहां पर पड़ी है, पेट वहां पर पड़ा है, सर वहां पर पड़ा है और जब जा रहे हो तो आपका पैर उनके ऊपर लग रहा है। अच्छी बात नहीं है ये। इससे बेहतर कुछ नहीं होगा कि सबके सब इको फ्रेंडली गणेश ले आओ।”
सलमान न ये भी कहा कि वो हर साल अपने घर में गणेश पूजा करते हैं और जो गणपति वो लाते हैं वो इको फ्रेंडली होते हैं। उन्होंने कहा, “हमारे परिवार में गणेश चतुर्थी पर जब हम गणेश जी लाते हैं तो वो इको फ्रेंडली गणेश जी होते हैं। इतना प्योर ये फेस्टिवल है उसमें इंप्योर गणेश जी क्यों? उन्हें भी तो प्योर होना चाहिए ना?”
इस इवेंट में सलमान खान के साथ सोनाली बेंद्रे भी मौजूद थीं। यहां सलमान खान का एक फैन भी था, जिसने उन्हें खास तोहफा दिया। एक छोटे बच्चे ने सलमान खान को उनका स्केच गिफ्ट किया और वो उन्हें खूब पसंद आया। सलमान ने अपने छोटे से फैंस को खुशी से गले लगाया।
बात अगर भाईजान के वर्कफ्रंट की करें तो वो इस वक्त फिल्म ‘सिकंदर’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। ये फिल्म साल 2025 में ईद के मौके पर रिलीज होगी और इसमें सलमान खान के अलावा सुनील शेट्टी, रश्मिका मंदाना भी हैं।