पुलिस सेवा की सेवानिवृत्त अधिकारी डॉ किरण बेदी और वर्तमान पुदुचेरी की उपराज्यपाल किरण बेदी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। किरण सोशल मीडिया पर आए दिन कोई न कोई जानकारी शेयर करती रहती हैं। लेकिन इस बार किरण बेदी का लोगों को जागरूक करने का अभियान उल्टा पड़ता हुआ नजर आ रहा है। किरण बेदी ने कुछ देर पहले अपने ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया वीडियो में सूरज से ओम की आवाज गूंजती हुई सुनाई दे रही है। इसे उन्होंने नासा का वीडियो बताकर शेयर किया है।
दरअसल किरण बेदी फर्जी खबरों की चपेटे में आ गईं जिसके चलते उन्होंने बिना खबर की पुष्टि किए अपने ट्विटर अकाउंट पर वीडियो शेयर कर दिया। वीडियो में आकाशगंगा की एक तस्वीर दिखाई गई है और इसमें ओम की ध्वनि सुनाई दे रही है। यह स्पष्ट रूप से एक नकली वीडियो है जो नासा के वास्तविक वीडियो के रूप में सूर्य की तरह लग रहा है। किरण बेदी के वीडियो शेयर करते ही सोशल मीडिया पर उन्हें जमकर ट्रोल किया जाने लगा।

एक यूजर ने किरण बेदी को ट्रोल करते हुए लिखा कि जब आप पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त अधिकारी हों, उपराज्यपाल हों लेकिन इसके साथ ही आप फिल्म कोई मिल गया की बड़ी फैन भी हों। दूसरे यूजर ने किरण बेदी को ट्रोल करते हुए लिखा कि 2020 में एक बार फिर से कोई मिल गया फिल्म आएगी जिसमें किरण बेदी जादू के किरदार में नजर आएंगी और ऋतिक रोशन रोहित/राज/ राहुल/ राम या फिर रहीम के किरदार में। राकेश रोशन जी को तहे दिल से धन्यवाद। वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा कि सूरज की आवाज रिकॉर्ड करने के लिए NASA को थैंक्स, पता नहीं हमारा ISRO क्या कर रहा है। वहीं एक यूजर ने कोई मिल गया फिल्म का डॉयलॉग लिखा है जोकि फिल्म में जादू को अंतरिक्ष से बुलाने के लिए प्रयोग में लाया जाता था।
बता दें कि ऐसा पहली बार नहीं है कि सोशल मीडिया पर किसी सेलिब्रिटी को इस तरह से ट्रोल किया गया हो इससे पहले भी कई सेलेब्स गलत जानकारी शेयर करने के चलते सोशल मीडिया पर यूजर्स के निशाने पर आ गए थे।