दिल्ली के जंतर मंतर पर रविवार को जमकर बवाल हुआ। कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जंतर मंतर से संसद तक मार्च निकाल रहे पहलवानों और दिल्ली पुलिस के बीच जमकर झड़प हुई। इसके बाद पुलिस ने विनेश-साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया समेत तमाम पहलवानों और उनके समर्थकों को हिरासत में ले लिया और जंतर मंतर को खाली करा दिया।

दंगा करने तथा सरकारी कर्मचारियों के काम में बाधा डालने के आरोप में रविवार को एफआईआर दर्ज की गई है। इतना ही नहीं पुलिस ने जंतर मंतर पर धारा 144 लागू कर दी है और कहा है कि अब पहलवानों को दोबारा वहां लौटने नहीं दिया जाएगा।

हालांकि अब पहलवानों को रिहा कर दिया गया है। मामले को लेकर साक्षी मलिक ने ट्वीट करते हुए कहा है कि इस देश में तानाशाही शुरू हो गई है। पूरा देश देख रहा है कि सरकार अपने खिलाड़ियों के साथ कैसा बर्ताव कर रही है। साक्षी मलिक के इस ट्वीट पर फिल्ममेकर अशोक पंडित ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंमे साक्षी मलिक पर भड़कते हुए उन्हें अर्बन नक्सल करार दिया है।

साक्षी मलिक ने ट्वीट कर क्या लिखा

दरअसल साक्षी मलिक ने ट्वीट करते हुए लिखा था कि ‘दिल्ली पुलिस को यौन शोषण करने वाले बृज भूषण के ख़िलाफ़ FIR दर्ज करने में 7 दिन लगते हैं और शांतिपूर्ण आंदोलन करने पर हमारे ख़िलाफ़ FIR दर्ज करने में 7 घंटे भी नहीं लगाए। क्या इस देश में तानाशाही शुरू हो गई है ? सारी दुनिया देख रही है कैसे सरकार अपने खिलाड़ियों के साथ कैसा बर्ताव कर रही है।’

अशोक पंडित ने दी प्रतिक्रिया

साक्षी के इस ट्वीट को अशोक पंडित ने रीट्वीट करते हुए लिखा कि ‘साक्षी जी बीच सड़क पर आप ‘मोदी तेरी कबर खुदेगी’ जैसे नारे लगाती हो। खिलाड़ी से आपका परिवर्तन एक अर्बन नक्सल में हो गया। आप देश विरोधी ताकतों का हिस्सा बन चुकी हैं। जिनका काम सिर्फ अराजकता फैलाना है। देश क़ायदे और क़ानून से चलता है। आपकी मर्जी से नहीं। गलत करने वाले को सजा मिलती है।’

क्या है पूरा मामला?

देश के पहलवानों ने 23 अप्रैल को भारतीय कुश्ती महासंघ के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर अपना आंदोलन शुरू किया था। बृजभूषण पर एक नाबालिग सहित कई महिला पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है। पुलिस ने पहलवानों को चेताया था कि वे संसद की तरफ नहीं जाएं, लेकिन वे आगे बढ़े जिसके बाद झड़प हुई।