मोदी सरकार द्वारा कुछ दिनों पहले राजीव गांधी खेल रत्न अवॉर्ड का नाम बदलकर मेजर ध्यानचंद अवॉर्ड कर दिया गया। इस बात को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया था, जिसमें उन्होंने बताया था कि सोशल मीडिया पर लगातार लोगों के मिल रहे अनुरोध को लेकर यह फैसला किया गया है। राजीव गांधी खेल रत्न अवॉर्ड का नाम बदलने के बाद अब फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने बाल दिवस का नाम बदलने पर भी ट्वीट किया है। फिल्म निर्माता का कहना है कि अब बाल दिवस पर भी विचार किया जाना चाहिए।

बॉलीवुड के फिल्म निर्माता अशोक पंडित का यह ट्वीट सोशल मीडिया पर जमकर सुर्खियां बटोर रहा है। अपने ट्वीट में अशोक पंडित ने लिखा, “खेल रत्न के बाद अब बाल दिवस पर भी विचार विमर्श होना चाहिए।” उनके इस ट्वीट पर अब सोशल मीडिया यूजर भी खूब कमेंट कर रहे हैं।

अभ्यास नाम के यूजर ने अशोक पंडित के ट्वीट का जवाब देते कमेंट किया, “श्रीमान इतना भी मत अपने आप को गिराएं, क्या संदेश देना चाहते हैं आने वाली पीढ़ी को आप।” राजीव रंजन नाम के यूजर ने फिल्म निर्माता के ट्वीट का जवाब देते हुए लिखा, “बढ़ती महंगाई और निजीकरण पर कब चर्चा और विचार होगा।”


डॉक्टर एसके बरेजा नाम के यूजर ने अशोक पंडित के ट्वीट के जवाब में लिखा, “इसके बाद किसके नाम पर ये दिन रखा जाना चाहिए? कृप्या बताएं। मुझे लगता है कि ये नाम कुपोषित और गली के बच्चों पर रखा जाना चाहिए। इससे उनके कल्याण की ओर ध्यान खींचा जा सकेगा।”

मनदीप नाम के यूजर ने अशोक पंडित के ट्वीट के जवाब में लिखा, “सर कुछ तो रहने दो उनके नाम पर, आखिरकार हम भारत के पहले प्रधानमंत्री के बारे में बात कर रहे हैं।” अन्नू श्रीवास्तव नाम के यूजर ने लिखा, “यह तर्कसंगत नहीं है। नेहरू जी ने अपने जन्मदिन को सभी बच्चों के नाम पर मनाने की बात कही थी। जैसे डॉक्टर राधाकृष्णन ने अपना जन्मदिन अध्यापक दिवस के नाम पर कर दिया था।”

कुछ यूजर ने अशोक पंडित के ट्वीट का समर्थन भी किया। शशिकांता साहू ने ट्वीट के जवाब में लिखा, “जरूर होना चाहिए। बाल दिवस का नाम भी बदलेगा। गुरू गोबिंद सिंह जी के बच्चों के नाम पर होना चाहिए ये।”