मशहूर उड़िया रैपर अभिनव सिन्हा उर्फ जगरनॉट का निधन हो गया है। जगरनॉट ने 32 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। वह बेंगलुर के कडुबीनहल्ली में किराये एक अपार्टमेंट में रहते थे और वहीं उनका शव मिला है। उनकी मौत का कारण पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने रैपर की मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पुलिस ने रैपर की मौत को आत्महत्या बताया है।

परिवार ने लगाए आरोप

रैपर की मां का कहना है कि वो परेशान चल रहे थे, उनका मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा था। अभिनव के परिवार ने आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी के साथ लंबे समय से उनका विवाद चल रहा था, उसने कई गंभीर आरोप लगाए थे, जिनके कारण अभिनव परेशान चल रहे थे। इसलिए अभिनव ने जहर खाकर खुद की जिंदगी खत्म कर ली। शव का पोस्टमार्टम करने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए ओडिशा भेज दिया गया है।

परिवार ने दर्ज कराई शिकायत

अभिनव के परिवार वालों ने बेटे की मौत के बाद एक शिकायत दर्ज कराई है। जिसमें 8 से 10 लोगों के नाम दिए गए हैं। रैपर के पिता का आरोप है कि उनके बेटे पर उनकी पत्नी और कुछ अन्य लोगों ने गंभीर आरोप लगाए थे, जिससे वो परेशान चल रहे थे और उन्हें मानसिक तौर पर भी परेशानी हो रही थी। उनका कहना है कि अभिनव ने आरोपों के चलते आत्महत्या कर ली है।

बता दें कि अभिनव सिन्हा एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के जाने-माने रैपर थे। वो ‘कटक एंथम’ गाकर सुर्खियों में आए थे, लेकिन उनकी पर्सनल लाइफ ठीक नहीं चल रही थी। उनकी पत्नी ने उन पर मारपीट जैसे कई गंभीर आरोप लगाए थे।