यूट्यूबर और ‘बिग बॉस ओटीटी 2’ विनर एल्विश यादव (Elvish Yadav) पिछले काफी समय से रेव पार्टी में सांप के जहर की तस्करी को लेकर चर्चा में हैं। उन्हें नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था और वो करीब 6 दिनों तक जेल में रहने के बाद अब जमानत पर रिहा हो चुके हैं। ऐसे में घर लौटने के बाद एक्टर का पहला व्लॉग सामने आया है, जिसमें वो न्यायपालिका पर भरोसा जताने की बात कर रहे हैं साथ ही उन्होंने जेल में बिताए दिनों का भी जिक्र किया है। एल्विश फैंस से कहते हैं कि वो ठीक हैं और स्वस्थ हैं। इसमें उनकी मां के आंसू भी छलकते दिख रहे हैं।
व्लॉग में एल्विश यादव के चेहरे पर हंसी जरूर देखने के लिए मिल रही है लेकिन, उनके माथे पर चिंता की लकीरें और परेशानी की लकीरें दिख रही है। एल्विश ने वीडियो में फैंस का शुक्रिया अदा किया और कहा कि उनका जो बीता एक हफ्ता रहा है वो उनकी जिंदगी का सबसे बुरा दौर था। यूट्यूबर कहते हैं कि जीवन में उतार-चढ़ाव काफी रहते हैं लेकिन इन सबसे सीखने को ही मिलता है।
जेल के दिनों को किया याद
वीडियो में एल्विश यादव अपने जेल में बिताए दिनों को भी याद करते हैं और आगे कहते हैं कि वो पीछे नहीं मुड़ना चाहते हैं और सभी का धन्यवाद किया। फिर चाहे किसी ने उनकी बुराई की या अच्छाई की। सभी का शुक्रिया अदा किया। वीडियो में यूट्यूबर फिलॉसिफकल बातें भी करते हुए नजर आ रहे हैं। व्लॉग में एल्विश जो हुआ, उसे भुलाकर आगे बढ़ने को जिक्र करते हैं।
एल्विश आगे कहते हैं कि जेल के अंदर ज्यादा सुविधाएं नहीं होती है। उन्होंने घर आने के बाद अपनी दाढ़ी और बल कटवाए। उन्होंने बताया कि उनकी बहन और जीजा थाईलैंड से भारत आए हैं। उनकी बहन ने खाना नहीं खाया और पिता की दाढ़ी सफेद हो गई है।
न्यायपालिका पर जताया भरोसा
इसके साथ ही एल्विश यादव ने व्लॉग में न्यायपालिका पर भरोसा जताने की बात भी कही। वो वीडियो में कहते हैं कि अपने तो अपने ही होते हैं फिर चाहे जो हो जाए। उन्होंने बताया कि जेल में रहते हुए जो सबसे ज्यादा मिस किया वो था बेफिक्र होकर गाड़ी में घूमना। इसके साथ ही यूट्यूबर ने व्लॉग में आगे कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। वो कहते हैं कि वो ना तो गलत करते हैं और ना ही कहते हैं। रिहाई को लेकर कहते हैं कि भगवान ने उन पर कृपा बरसा दी। अब वो होली घर पर अपने परिवार के साथ मनाएंगे।
रोने लगीं एल्विश यादव की मां
वीडियो में एल्विश यादव की मां सुषमा यादव भी उनके साथ नजर आती हैं। यूट्यूबर मां के बेहद करीब हैं। बेटे को घर पर वापस पाकर वो काफी खुश हैं। वो इस दौरान काफी इमोशनल हो जाती हैं। फिर एक्टर अपनी मां को संभालते हुए नजर आते हैं। उन्हें अपने पास बिठाते हैं और कहते हैं कि बहुत कमजोर हो गई हो।