‘बिग बॉस ओटीटी 2’ के विनर रहे यूट्यूबर एल्विश यादव लगातार विवादों में घिरे रहते हैं। पहले नोएडा की रेव पार्टी में सांप का जहर सप्लाई में उनके शामिल होने की बात सामने आई थी। इसके बाद उनका कुछ वीडियो सामने आए, जिनमें वह लोगों के साथ बदसलूकी करते दिखे। अब वह यूट्यूबर मैक्सटर्न की पिटाई करने को लेकर सुर्खियों में हैं। हालांकि दोनों का एक वीडियो सामने आया है, जिनमें वह समझौता होने की बात कह रहे हैं।
एल्विश यादव और मैक्सटर्न ने इंस्टाग्राम पर लाइव आकर फैंस को बताया कि उनके बीच जो भी हुआ था वो अब क्लियर हो चुका है। मैक्सटर्न ने कहा कि वह किसी के भड़कावे में आ गए थे, जिसके कारण ये सब हुआ।
मैक्सटर्न ने बताया कि उन्हें किसी ने उकसाया था, जिसके कारण दोनों के बीच विवाद हुआ। इतना ही नहीं एल्विश ने कहा कि मैक्सटर्न ने पहले से ही कैमरा सेट किया हुआ था, जिससे मौके पर हुआ विवाद रिकॉर्ड हो सके। हालांकि दोनों ने ही उनके बीच विवाद पैदा करने वाले का नाम नहीं लिया।
क्या है मामला?
बीते दिनों फोन से रिकॉर्ड किया गया एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें एल्विश कुछ लोगों के साथ मैक्सटर्न के पास पहुंचकर उनके साथ मारपीट करते नजर आए थे। इसके बाद दोनों ने एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए। मेक्सटर्न ने कहा था कि एल्विश से उनकी जान को खतरा है।
उनका कहना था कि एल्विश ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और उन्हें मारने के लिए वह 8-9 गुंडे लेकर पहुंचे थे। मैक्सटर्न ने एल्विश के नशे में धुत होने की बात कही थी। उन्होंने पुलिस से मांग की थी कि एल्विश को जल्द गिरफ्तार किया जाए।
एल्विश के खिलाफ शिकायत भी दर्ज हुई थी। पुलिस ने एस्विश को नोटिस भेजा था। एल्विश के खिलाफ आपराधिक प्रक्रिया संहिता की धारा 41ए के तहत नोटिस जारी किया गया था। एल्विश ने भी वीडियो शेयर कर कहा था कि लोग बहुत जल्दी एक तरफा कहानी पर विश्वास कर लेते हैं। उनका कहना था कि मैक्सटर्न ने उनके माता पिता समेत उन्हें जिंदा जलाने की धमकी दी थी, जिससे उन्हें गुस्सा आया था।