एकता कपूर को टीवी जगत में अपने बेबाक अंदाज के लिए जाना जाता है। ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’, ‘कहानी घर-घर की’ और ‘कसौटी जिंदगी की’ एकता कपूर के सबसे लोकप्रिय सीरियल्स में से थे। इधर एकता कपूर का एक वीडियो सामने आया है। एकता वीडियो में मीडिया से सेक्स के बारे में बात करते हुए नजर आ रही हैं। एकता का कहना है कि देश में इतनी बड़ी आबादी है, फिर भी लोगों को सेक्स से समस्या है। वीडियो को एक यू-ट्यूब चैनल एएनआई न्यूज ने शेयर किया है।
एकता कपूर की एक नई वेब सीरीज ‘कहने को हमसफर है’ ऐप एएलटी बालाजी पर जल्द ही प्रसारित होने वाला है। अपने नए शो के प्रीमियर फंक्शन में एकता ने मीडिया से बातचीत में कहा, ”मेरा काम है काम करना, मैं वहीं करती हूं और मैं अपना बेस्ट देने की कोशिश करती हूं। हां, कुछ चीजें लोगों को पसंद नहीं आतीं और कुछ आती हैं। यह मेरी जर्नी है। यदि मैं जर्नी एन्जॉय करूंगी तो आउटकम को देखती नहीं हूं। किसी भी कहानी में हमें एक ही इंसान का साथ देना चाहिए। आप महिला का साथ दें या फिर पुरुष का।”
वीडियो में एकता कहते हुए नजर आ रही हैं, ”इंडिया में खाने के दांत कुछ और होते हैं और दिखाने के दांत कुछ और होते हैं। हमारे देश की इतनी बड़ी आबादी है, लेकिन हमें सेक्स से बड़ी समस्या होती है। शादी के बाद भी लोगों के अफेयर होते हैं, लेकिन लोग छिपाते हैं। लोग क्यों छिपाते हैं, समाज के लिए।” बता दें कि एकता कपूर का नया शो ‘कहने को हमसफर है’ अवैध संबंधों पर आधारित है। शो में मोना सिंह, रोनित रॉय और गुरदीप कोहली भी नजर आएंगे। रोनित और गुरदीप पति-पत्नी के किरदार में नजर आएंगे तो वहीं मोना का किरदार दूसरी महिला का है। फिल्म में मोना सिंह और अपूर्व अग्निहोत्री की भी जोड़ी 12 साल के बाद एक साथ नजर आएगी।