अमिताभ बच्चन के सबसे बड़े क्विज गेम शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ का 14वां सीजन काफी मजेदार हो रहा है। इसमें हर एपिसोड में दिलचस्प कंटेस्टेंट आ रहे हैं और कुछ मोटी रकम जीत कर जा रहे हैं तो कुछ पहला पढ़ाव भी पार नहीं कर पा रहे हैं। लेटेस्ट एपिसोड में केरल की डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. अनु एना वर्गीस हॉट सीट पर बैठीं। जिन्होंने 75 लाख जीते। दर्शकों को लगने लगा था कि वो इस सीजन की पहली करोड़पति बनकर जाएंगी, लेकिन वो सही जवाब नहीं दे पाईं।
‘कौन बनेगा करोड़पति-14’ के लेटेस्ट एपिसोड में त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ.अनु वर्गीस ने 3,20,000 के लिए अपनी पहली लाइफ लाइन 50:50 का इस्तेमाल किया और सही जवाब देकर ये रकम अपने नाम की। तीन लाख बीस हजार के लिए जो प्रश्न उनसे पूछा गया था वो था-दामोदर मौजो ने किस भाषा में लिखने के लिए ज्ञानपीठ पुरस्कार जीता? पहला ऑप्शन मलयालम, दूसरा अंग्रेजी, तीसरी असमिया और चौथा कोंकणी। डॉ.अनु के पास 50-50 लाइफ लाइन से ऑप्शन B और D बचे, जिसमें उन्होंने D चुनकर सही जवाब दिया।
इसके बाद बारी आई 6,40,000 के प्रश्न की। जो था सऊदी अरब में ‘सऊदी’ शब्द इनमें से किस से आया है? A. शासक परिवार का नाम, B. मक्का का पुराना नाम, C. राष्ट्रीय पशु, D. सबसे बड़ा तेल का कुआं। इस प्रश्न के जवाब में भी वो अटक गईं और उन्होंने ऑडिएंस पोल लाइफ लाइन ली। ज्यादातर लोगों ने ऑप्शन A को चुना और सही जवाब देकर ये पढ़ाव भी उन्होंने पार कर लिया।
इस सवाल पर आकर अटकीं कंटेस्टेंट
अनु सही जवाब देकर 75 लाख तक पहुंची, लेकिन करोड़पति बनने के बिल्कुल करीब पहुंच कर उन्होंने शो क्विट कर दिया। अमिताभ बच्चन ने 1 करोड़ रुपये के लिए उनसे जो सवाल किया वो था-भारत के पहले गणतंत्र दिवस के अवसर को चिह्नित करने के लिए 26 जनवरी 1950 को जारी एक डाक टिकट पर इनमें से किस कृति की पंक्तियां उकेरी गई थीं?
ये थे ऑप्शन
A-सारे जहां से अच्छा, B-रघुपति राघव राजा राम, C- जन गण मन, D- वंदे मातरम। इसपर उन्होंने पूछा कि अगर वो गलत उत्तर देंगी तो कितना मिलेगा। तब शो के नए नियम के हिसाब से उन्हें बताया गया कि वो पूरे 75 लाख घर ले जाएंगी। इसपर देरी न करते हुए अनु ने D ऑप्शन चुना, हालांकि ये गलत था लेकिन वो पूरे 75 लाख जीतकर शो छोड़कर चली गईं। सहीं उत्तर ऑप्शन B यानी रघुपति राघव राजा राम था।