‘ये हैं मोहब्बतें’ फेम दिव्यांका त्रिपाठी फैंस के बीच काफी छाई रहती हैं। दिव्यांका ने साल 2016 में को-एक्टर विवेक दहिया से शादी की थी। दोनों हर मौके पर साथ नजर आते हैं। दिवाली पर भी वह एक साथ स्पॉट हुए और हमेशा की तरह पैपराजी ने उन्हें घेर लिया। लेकिन वह पैपराजी पर भड़कती नजर आईं। उनकी नाराजगी इस बात से है कि पैपराजी विवेक दहिया का नाम लिखने की बजाय उन्हें दिव्यांका के पति या पार्टनर लिखकर संबोधित करते हैं।
दिव्यांका का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें वह पैपराजी की क्लास लगाते हुए नजर आ रही हैं। दिव्यांका विवेक का हाथ पकड़ते हुए पैपराजी से कहती हैं, “ये कौन हैं?” इसपर पैपराजी कहते हैं कि ये आपके पति हैं। वह पूछती हैं कि उनके पति कौन हैं और उनका नाम पूछती हैं। फिर पैपराजी विवेक का नाम बताते हैं। इसके बाद दिव्यांका का रिएक्शन देखने लायक होता है।
वह कहती हैं, “तुम यार नाम नहीं लिखते, पति और पार्टनर लोगों का। मैं खासकर नाम बोल रही हूं। क्या नाम है इनका?” इसके बाद पैपराजी विवेक कहते हैं और दिव्यांका उन्हें पूरा नाम बोलने को कहती हैं। इसके बाद वह कहती हैं कि ये लोग हमेशा ऐसे करते हैं। बहुत गलत बात है। “दिव्यांका अपने हबी के साथ, दिव्यांका अपने पार्टनर के साथ।” ये कहकर वह मुस्कुरा देती हैं।
दिव्यांका के वीडियो पर तमाम लोग कमेंट्स कर रहे हैं। टेली चक्कर ने इस वीडियो को अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर किया है। जिसमें यूजर्स दिव्यांका के इस एक्शन की तारीफ कर रहे हैं। आरव नाम के यूजर ने लिखा, “बहुत सही दिव्यांका। इसे कहते हैं बेस्ट लाइफ पार्टनर। विवेक की खुद की पहचान है। इनका स्टैंड लेना जरूरी था।” सबाली ने लिखा, “चलो आखिरकार दिव्यांका ने सबक सिखा दिया।” अन्य यूजर ने लिखा, “इन्हें पता है कि पति को कैसे इज्जत देनी है।”
आपको बता दें कि दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया ने एक साथ टीवी सीरियल ‘ये हैं मोहब्बतें’ में काम किया था। इस दौरान दोनों की लव स्टोरी शुरू हुई थी। इसके बाद कपल ने अपने रिश्ते को आगे ले जाने के बारे में सोचा और 8 जुलाई 2016 को शादी के बंधन में बध गए।