दिवंगत अभिनेता दिलीप कुमार की बहन सईदा इकबाल खान का निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थीं और शनिवार, 23 सितंबर की सुबह उनका निधन हो गया। सईदा ने मुंबई स्थित बंगले पर आखिरी सांस ली। सोमवार को सईदा को अंतिम विदाई दी जा चुकी है। इस बात की जानकारी उनके परिवार ने दी है।

सईदा के परिवार की ओर से जानकारी देते हुए लिखा गया है,” वह हमारे दिलों और हमारे सबसे प्रिय आशीर्वाद और हमारी सबसे उज्ज्वल रोशनी में जीवित रहेंगी। उन्होंने हमें अपने अथाह साहस, अनुग्रह और अपने अनूठे प्रेमपूर्ण और अविश्वसनीय व्यक्तित्व की जीवन भर यादों का आशीर्वाद दिया है।”

सईदा के दो बेटे हैं, इल्हाम और साकिब। वह दोनों भी हिंदी फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा हैं। इल्हाम एक लेखक हैं, जबकि साकिब एक फिल्म निर्माता हैं। सईदा की प्रार्थना सभा आज (26 सितंबर) शाम 5 से 7 बजे के बीच मेहबूब स्टूडियो में होगी।

आपको बता दें कि दिलीप कुमार की छह बहने थीं। फॉजिया खान, सकीना खान, ताज खान, फरीदा खान, सईदा खान और अख्तर आसिफ। इसके अलावा उनके पांच भाई भी थे। नसीर खान, असलम खान, एहसान खान, नूर महबूब, अय्यूब सरवर। सईदा खान महान फिल्म प्रोड्यूसर और महबूस स्टूडियो के मालिक इकबाल खान की पत्नी थीं। महबूब खान को ‘मदर इंडिया’ और ‘अंदाज’ जैसी प्रतिष्ठित फिल्मों के लिए जाना जाता है। इकबाल खान की 2018 में मृत्यु हो गई।

वहीं बात अगर दिलीप कुमार की करें तो उनका 98 साल की उम्र में 7 जुलाई, 2021 को निधन हो गया था। वह प्रोस्टेट कैंसर से पीड़ित थे, लंबे समय तक बीमारी से जूझने के बाद उनकी मृत्यु हो गई। महान अभिनेता के परिवार में उनकी पत्नी, अनुभवी अभिनेत्री सायरा बानो हैं।