साल 1998 में करण जौहर ने अपनी पहली फिल्म बनाई थी। फिल्म का नाम था ‘कुछ कुछ होता है‘। इस फिल्म में एक डायलॉग था- हम एक बार जीते हैं, एक बार मरते हैं और प्यार भी एक बार ही होता है। इस फिल्म से पहले और बाद में भी 70 एमएम की स्क्रीन से दर्शकों को यही बताया गया कि प्यार एक बार होता है। हालांकि फिल्मी सितारों की ही जिंदगी को देखा जाए तो कई ऐसे नाम हैं जिन्हें एक से ज्यादा मर्तबा प्यार हुआ। इसमें से कई तो ऐसे हैं जिन्होंने शादी की। शादी के बाद किसी और से प्यार हुआ। प्यार हुआ तो पत्नी से अलग हो गए। जब दूसरी महिला के साथ भी रिश्ता नहीं चला तो अपनी पत्नी के पास वापस चले आए।

अपनी पार्टनर के पास वापस लौटने वालों में सिर्फ ऐसे एक्टर ही शामिल नहीं हैं जो तलाक लेकर अलग हुए थे। इनमें से कुछ ऐसे भी थे जो बिना तलाक पत्नी से अलग हो गए थे। लेकिन इसे प्यार कहें या फिर दूसरे रिश्ते में उस खुशी की गैरमौजूदगी जो पहले साथी के साथ महसूस होती थी, ये एक्टर्स दोबारा अपनी पत्नी के पास वापस लौट आए। आइए डालते हैं ऐसे ही कुछ चर्चित नामों पर एक नजर:

दिलीप कुमार सायरा बानो:

सायरा बानो दिलीप कुमार से उम्र में आधी थीं। जिस साल दिलीप कुमार ने फिल्मों में डेब्यू किया उस साल सायरा बानो पैदा हुई थीं। बचपन से दिलीप कुमार की फैन रहीं सायरा ने 1966 में दिलीप कुमार से शादी रचा ली थी। शादी के वक्त दिलीप कुमार 44 तो सायरा महज 22 साल की थीं। शादी के 6 साल बाद सायरा प्रेग्नेंट हुईं लेकिन उनका मिसकैरेज हो गया।इस हादसे के बाद दिलीप कुमार और सायरा बानो ने ताउम्र बेऔलाद रहने का मन बना लिया।

(Photo Credit: Indian Express Archive)

सायरा से शादी के करीब 15 साल बाद एक वक्त ऐसा आया जब दिलीप कुमार का दिल किसी और पर आ गया। लड़की का नाम था आसमां रहमान। सायरा के साथ शादी में रहते हुए दिलीप कुमार वे साल 1982 में आसमां से शादी कर ली। हालांकि ये शादी साल 1983 तक ही चल पाई। दिलीप कुमार ने उनसे तलाक ले लिया। आसमां से तलाक के बाद दिलीप के दिल में फिर से सायरा के लिए प्यार परवान चढ़ा। वह दोबारा सायरा संग उसी तरह रहने लगे जैसे आसमां से शादी पहले रहते थे। सायरा के पास दोबारा वापस लौटने के बाद दिलीप कुमार आखिरी सांस तक उनके साथ ही रहे।

राज बब्बर – नादिरा:

राज बब्बर एक वक्त बॉलीवुड के बहुत बड़े सुपरस्टार थे। प्रोफेशनल लाइफ में सफलता के घोड़े पर सवार राज बब्बर एक वक्त शादीशुदा जिंदगी में लड़खड़ाते नजर आए थे। राज बब्बर की शादी थियेटर कलाकार और एक्ट्रेस नादिरा से साल 1975 में हुई। नादिरा और राज के दो बच्चे हुए। शादी के सात साल बाद राज बब्बर की जिंदगी में स्मिता पाटिल की एंट्री हुई।

(Photo Credit: Indian Express Archive)

वह साल 1982 था जब फिल्म भीगी पलकें के सेट पर राज और स्मिता की पहली मुलाकात हुई। पहली मुलाकात में ही राज स्मिता पर दिल हार बैठें। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं। दोनों के अफेयर की खबर नादिरा के कानों तक भी पहुंचीं। एक इंटरव्यू में राज बब्बर ने खुद कबूला कि हां उन्हें स्मिता से प्यार है।

1986 में राज बब्बर और स्मिता पाटिल ने शादी रचा ली। एक साल के भीतर ही स्मिता वे राज के बेटे प्रतीक को जन्म दिया। बेटे को जन्म देते ही स्मिता पाटिल का निधन हो गया। स्मिता पाटिल के निधन के बाद राज एक बार फिर से नादिरा के पास वापस लौटे। नादिरा ने भी राज को कबूल लिया।

अन्नू कपूर – अनुपमा:

अन्नू कपूर ने 1983 में स्मिता पाटिल संग मंडी से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। 1992 में अन्नू कपूर ने अमेरिका में रहने वाली अनुपमा से शादी रचा ली। अनुपमा अन्नू से 13 साल छोटी थीं। शादी के बाद वैसा नहीं हुआ जैसा दोनों ने सोचा था। रोजाना की तल्खियों और मनमुटाव से तंग आकर अन्नू कपूर और अनुपमा ने तलाक लेने का फैसला कर लिया।

(Photo Credit: Indian Express Archive)

अनुपमा से तलाक के बाद अन्नू कपूर की जिंदगी में अरुणिता मुखर्जी आईं। दोनों ने 1995 में शादी कर ली। लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही अन्नू कपूर का दिल अपनी पहली पत्नी के लिए मचलने लगा। वह अरुणिता संग शादी में रहते हुए अनुपमा से बात करने लगे। कई बार वह बिना अरुणिता को बताए अपनी पहली पत्नी से मिलने भी चले जाया करते। जब इसकी जानकारी अरुणिता को हुई तो उन्होंने अन्नू कपूर से अलग होने का मन बना लिया।

(Photo Credit: Indian Express Archive)

अरुणिता से अन्नू कपूर का तलाक हो गया। तलाक के बाद वह फिर से अपनी पत्नी अनुपमा के पास लौट गए। दोनों ने दोबारा शादी रचा ली और अब तक साथ ही हैं।

इम्तियाज अली – प्रीति:

इम्तियाज अली बॉलीवुड के जाने माने निर्देशक हैं। जब वी मेट, हाईवे, तमाशा और लव आज कल जैसी फिल्में बनाने वाले इम्तियाज अली की प्रेम कहानी भी उनकी फिल्मों की ही तरह जरा हटकर है। इम्तियाज अली ने साल 1995 में गर्लफ्रेंड प्रीति से शादी की थी। दोनों की एक बेटी हुई जिसका नाम इस कपल ने इदा अली रखा। लेकिन साल 2012 आते-आते स्थितियां ऐसी बनीं कि इम्तियाज और प्रीति ने अलग होने का फैसला कर लिया। दोनों ने तलाक ले लिया और बेटी की कस्टडी मिली प्रीति को।

(Photo Credit: Indian Express Archive)

प्रीति से अलग होने के बाद इम्तियाज का नाम ऑस्ट्रेलिया की एक शेफ के साथ जुड़ा। कई मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया कि इम्तियाज अपनी महिला मित्र के साथ लिव-इन में रहने लगे हैं। हालांकि ये सारी बातें सिर्फ बातें ही निकलीं। प्रीति से तलाक के बाद भी इम्तियाज इदा के लिए हमेशा पिता की भूमिका निभाते रहे। फिर आया साल 2020। कोरोना के कारण पूरे देश में लॉकडाउन लग गया। लॉकडाउन के दौरान इम्तियाज अपनी बेटी के साथ रहने पत्नी प्रीति के घर गए। तब से आज तक प्रीति और इम्तियाज साथ ही हैं।

अमित टंडन – रूबी:

अमित टंडन छोटे पर्दे के चर्चित कलाकार हैं। अमित टंडन ने साल 2007 में रूबी नाम की लड़की से शादी रचाई थी। शादी के कुछ साल तो अच्छे बीते लेकिन फिर दोनों के बीच दिक्कतें बढ़ने लगीं। दोनों बिना तलाक लिए अलग रहने लगे। अलग रहते हुए भी उन्होंने अपने रिश्ते को तोड़ा नहीं। अब शादी के करीब सोलह साल बाद अमित टंडन ने रूबी संग अपने प्यार को फिर एक मौका दिया है। उन्होंने अक्टूबर 2023 में अपनी पत्नी संग दोबारा पूरे रीति रिवाज से शादी रचा ली। इस दौरान उनकी बेटी ने भी अपने पेरेंट्स की शादी को खूब एंजॉय किया।

विद्युत जामवाल – नंदिता महतानी:

एक्टर विद्युत जामवाल ने साल 2021 में अपनी गर्लफ्रेंड नंदिता महतानी को ताजमहल के सामने अंगूठी पहना कर शादी के लिए प्रपोज किया था। लेकिन कुछ समय ही ऐसी अफवाहें उड़ी कि दोनों का ब्रेकअप हो गया है।

(Photo Credit: Vidyut Jamwal Insta)

अब ऐसी चर्चा है कि दोनों शादी करने जा रहे हैं। हालांकि इन दोनों के ब्रेकअप और शादी की कोई पुख्ता जानकारी ना होने के कारण इनकी प्रेम हानी पर चर्चा फिर कभी…..