मध्य प्रदेश में बाढ़ और लगातार हो रही बारिश से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। सूबे के कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। सेना और एनडीआरएफ की टीमें लगातार बचाव कार्य में लगे हुए हैं। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी रविवार को ग्वालियर संभाग का हवाई दौरा किया। सिंधिया के दौरे के बाद बाढ़ को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है।
दिग्विजय सिंह ने ज्योतिरादित्य सिंधिया का एक वीडियो साझा किया है। इसमें ज्योतिरादित्य सिंधिया कहते हैं, ‘जनता की जान की परवाह न करते हुए, चाहे वो कोरोना हो या बाढ़। मुझे इस बात का इतना दुख है कि कांग्रेस का एक भी कार्यकर्ता जनता की सेवा करने के लिए आगे नहीं आया है। सभी अपने घर में छिपे हुए थे। सिर्फ धरना देने के लिए बाहर निकलते हैं।’
सिंधिया आगे कहते हैं, ‘जो प्रशासन तीन महीने के बच्चे को बचा रहा है, उस प्रशासन के विरुद्ध धरना दिया जा रहा है। इस घटिया राजनीति से कांग्रेस कब उठेगी और नहीं उठेगी तो जनता ही कांग्रेस को सबक सिखाएगी।’ दिग्विजय सिंह ने तंज कसते हुए लिखा, ‘महाराज हवा में।’
ट्विटर यूजर्स ने दी प्रतिक्रिया: दिग्विजय सिंह के ट्वीट पर लोगों की भी प्रतिक्रिया आई है। यूजर अर्जुन प्रेम सिंह परिहार लिखते हैं, ‘महाराज खुद ही घर में घुसे हुए थे और कांग्रेस को कोस रहे हैं। बस इतना बता दीजिए कि ये कोरोना के दौरान कहां पर थे? कम से कम एक झलक तो दिखा देते। न तो बीजेपी सांसद नज़र आए और न सिंधिया खुद नज़र आए।’ यूजर मोनू शाक्य लिखते हैं, ‘हवा में तो रहेंगे हवाई मंत्री जो ठहरे।’ यूजर हिमांशु तिवारी लिखते हैं, ‘ज्योतिरादित्य सिंधिया केंद्रीय मंत्री सिर्फ दिग्विजय सिंह की वजह से हैं।’
महाराज हवा में । pic.twitter.com/c48XUhGAxq
— digvijaya singh (@digvijaya_28) August 9, 2021
यूजर उदय आंजना लिखते हैं, ‘वास्तव में हवाबाजी में फेंक रहे हैं।’ विनोद यादव नाम के ट्विटर यूजर ने लिखा, ‘महाराज नहीं मिस्टर इंडिया हैं।’ क्वाइट इंडिया नाम के ट्विटर यूजर लिखते हैं, ‘हवा में कांग्रेस को ऐसा पटका कांग्रेस को कि उठ भी नहीं पा रही है अब।’ यूजर संजीव सिन्हा ने लिखा, ‘हवा तो कांग्रेस पार्टी की निकली हुई है। ज़रा अपनी तशरीफ की जांच कर लें।’
बाढ़ से 24 लोगों की मौत: रविवार को ज्योतिरादित्य सिंधिया ने हवाई अड्डे पर ही प्रशासनिक अधिकारियों से बैठक की थी। जिल प्रशासन को आपदा से निपटने और राहत कार्यों को आम लोगों तक पहुंचाने के आदेश दिए गए थे। ज्योतिरादित्य सिंधिया को सांसद केपी यादव रिसीव करने पहुंचे थे। सिंधिया को केपी यादव ने साल 2019 के लोकसभा चुनाव में हराया था। ज्योतिरादित्य सिंधिया के दौरे के दौरान केपी यादव भी उनके साथ मौजूद थे।
इंडिया टुडे के मुताबिक, मध्य प्रदेश में बाढ़ से अबतक 24 लोगों की मौत हो गई है और 1250 गांव प्रभावित हुए हैं। ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, श्योपुर, दतिया, अशोकनगर, भिंड और मुरैना में तेज बारिश और बाढ़ से सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। करीब 9 हज़ार लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया है।