बॉलीवुड के दिग्गज लेखक और शायर जावेद अख्तर अक्सर अपने बयानों के कारण सुर्खियों में बने रहते हैं। जावेद की गिनती बॉलीवुड की उन हस्तियों में होती है, जो तमाम मसले पर बेबाकी से अपनी बात रखते हैं। हाल ही में जावेद अख्तर ने एक इंटरव्यू दिया है।

इस इंटरव्‍यू में उन्होंने अम‍िताभ बच्‍चन की पहली सुपरह‍िट फिल्‍म ‘जंजीर’ का ज‍िक्र क‍िया है। साथ ही उन्‍होंने बताया कि ये फिल्‍म धर्मेंद्र ने र‍िजेक्‍ट कर दी थी। अब धर्मेंद्र ने जावेद अख्‍तर के इस दावे पर पलटवार किया है और सोशल मीडिया पर अपना गुस्सा जाहिर किया है।

जावेद अख्तर ने क्या क्या कहा था?

दरअसल, इंडिया टुडे को दिए इंटरव्यू में जावेद अख्तर ने कहा था कि अम‍िताभ ‘जंजीर’ के ल‍िए आखिरी चॉइस थी। ये स्‍क्र‍िप्‍ट धर्मेंद्र जी के ल‍िए ल‍िखी गई थी, पर उन्‍होंने क‍िसी कारण से इस फिल्म को करने से मना कर द‍िया था। प्रकाश मेहरा के पास स्‍क्र‍िप्‍ट थी पर हीरो नहीं था। वह इस फिल्‍म को प्रोड्यूस भी कर रहे थे। कई एक्‍टरों के पास इस फिल्‍म को लेकर गए पर हर क‍िसी ने इसे र‍िजेक्‍ट कर द‍िया था।

जावेद ने आगे कहा, मैं समझ सकता हूं कि उस समय के अभिनेताओं ने इस फिल्म को र‍िजेक्‍ट क्‍यों क‍िया। मुझे लगता है कि वो दौर राजेश खन्ना का था। राजेश खन्ना को भगवान माना जाता था। फिल्मों में संगीत और रोमांस का एंगल खूब चलता था,जो इस फिल्म में नहीं था। फिल्म में पहले फ्रेम से आखिरी फ्रेम तक हीरो नाराज, सीरियस और एक कठोर आदमी बनकर नजर आने वाला था। ऐसे में ऐसा हीरो क‍िसी को नहीं बनना था।

धर्मेंद्र ने क्या जवाब दिया?

जावेद अख्तर के इस इंटरव्यू पर धर्मेंद्र ने ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘जावेद… कैसे हो? दिखावे की इस दुनिया में हकीकत दबी रह जाती है। जीते रहो। दिलों को गुदगुदाना खूब आता है। काश सिर चढ़कर बोलने का जादू भी सीख लिया होता।’ आपको बता दें ‘जंजीर’ को अम‍िताभ बच्‍चन की पहली सुपरहिट फिल्‍म कहा जाता है। इसी फिल्म के बाद वो पहली बार लोगों की नजर में आए थे।