विराट कोहली और अनुष्का शर्मा 11 दिसंबर को शादी के बंधन में बंध गए हैं। एक ही तरह के मैसेज के जरिए दोनों ने अपनी शादी की खबर को फैंस के साथ शेयर किया। दोनों की तस्वीरें इंटरनेट पर सामने आने के बाद से वायरल हो गई थीं। इस सोमवार को इटली के टस्कनी में दोनों ने सात फेरे लिए थे। शादी की खबर जैसे ही लोगों को पता चली उन्होंने नवविवाहित जोड़े को बधाई देनी शुरू कर दी। खासतौर से बॉलीवुड जगत की हस्तियों ने कपल को उनकी नई यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। हालांकि दीपिका पादुकोण ने कपल को किसी तरह की बधाई नहीं दी जिसकी वजह बहुत से लोग जानना चाहते हैं।

कहा जाता है कि दीपिका पादुकोण और अनुष्का शर्मा के बीच अच्छा रिश्ता नहीं है। पादुकोण के शर्मा को बधाई ना देने की वजह से एक बार फिर से इस तरह की खबरों ने जोर पकड़ लिया है। माना जाता है कि अपने करियर के शुरुआती दिनों में अनुष्का का रणवीर सिंह के साथ अफेयर था जो इस समय दीपिका को डेट कर रहे हैं। इसी वजह से दोनों के बीच में कोल्ड वार जारी है।

अतीत में जो कुछ हुआ उसे पीछे छोड़ते हुए बाद में विराट कोहली में अनुष्का शर्मा को अपना प्यार मिल गया। पिंकविला की रिपोर्ट के अनुसार दीपिका और अनुष्का के बीच जारी लड़ाई का बधाई ना देने से कोई लेना-देना नहीं है। जब पद्मावती स्टार को दोनों की शादी की खबर मिली। उन्होंने निजी तौर पर दोनों को मैसेज भेजा और एक सफल शादी की शुभकामनाएं दी।