करण जौहर के लोकप्रिय टॉक शो ‘कॉफी विद करण’ का आठवां सीजन आखिरकार आ चुका है और इसकी शुरुआत बेहद स्पेशल रही। बॉलीवुड की मशहूर जोड़ी ने ‘कॉफी विद करण’ के इस सीजन की शानदार शुरुआत की है। जिसके कारण ये पहला एपिसोड चर्चा का विषय बना हुआ है। दीपिका और रणवीर इससे पहले भी करण के शो में आ चुके हैं, लेकिन पहली बार वह एक साथ इसका हिस्सा बने हैं। खास बात ये है कि उन्होंने फैंस को इस शो के जरिए अपनी शादी के खूबसूरत लम्हों से रूबरू कराया है।
जी हां! दीपिका और रणवीर की शादी को पांच साल हो गए हैं, लेकिन किसी ने भी उनकी शादी का वीडियो अब तक नहीं देखा था। कपल ने करण के शो में अपनी धमाकेदार एंट्री के साथ फैंस को बड़ा सरप्राइज दिया है। उन्होंने अपनी शादी का वीडियो दिखाया है। जिसके क्लिप्स अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वीडियो में रणवीर दीपिका का प्यार साफ देखने को मिला है।
वीडियो की शुरुआत रणवीर से होती है और वह बताते हैं कि कई साल पहले उन्होंने कहा था कि वह दीपिका के साथ शादी करेंगे। वीडियो में रणवीर को दीपिका के आंसू पोछते हुए, उनपर प्यार लुटाते हुए दिखाया है। इसके साथ ही वीडियो में दोनों के परिवारों को भी उनके बारे में बात करते हुए दिखाया है।
आपको बता दें कि शादी का वीडियो ‘द वेडिंग फिल्मर्स’ ने शूट किया था, ये वही टीम है जिसने दीपिका पादुकोण की फिल्म ‘ये जवानी है दीवानी’ में शादी का सीक्वेंस शूट किया था। ‘द वेडिंग फिल्मर्स’ ने अपने इंस्टाग्राम पर शादी का वीडियो शेयर किया है और बताया है कि दीपिका ने YJHD के दौरान ही टीम से उनकी शादी का वीडियो शूट करने के लिए कह दिया था।
देखते ही दीपिका के प्यार में पड़ गए थे रणवीर
अपनी शादी का वीडियो दिखाने के अलावा दीपिका-रणवीर ने कई खुलासे भी किए। रणवीर ने बताया कैसे उन्हें दीपिका से प्यार हुआ और कैसे उन्होंने प्रपोज किया। रणवीर ने बताया कि साल 2012 की शुरुआत में ही उन्हें दीपिका से प्यार हो गया था। जब Bajirao Mastani की स्क्रिप्ट के लिए दीपिका संजय लीला भंसाली के घर पर उन्हें मिली थीं। एक्टर ने याद किया कि उस दिन दीपिका ने सफेद रंग का चिकनकारी कुर्ता पहना था, जिसमें वह बेहद खूबसूरत दिख रही थीं।
रणवीर ने कहा, “मैं टेबल पर बैठा था और मेरे बाईं तरफ दरवाजा था। उनके (संजय लीला भंसाली) घर के दरवाजे भारी हैं और समुद्र के पास रहते हैं। तो वो भारी दरवाजे खुले और समुद्र से हवा आने लगी। वहां से दीपिका सफेद चिकनकारी पहने हुए, उसके बाल उड़ते हुए, जैसे की कोई सादगी की मूरत हो। मैं ऐसा था कि ओह माई गॉड।” दीपिका और रणवीर बॉलीवुड की हिट जोड़ियों में से एक हैं और दोनों को फैंस खूब पसंद करते हैं।