दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह के शादी की खबरें पिछले काफी दिनों से आ रही हैं। हालांकि कपल की वेडिंग डेट राज बनी हुई थी। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि दीपिका और रणवीर इस साल नवंबर माह में शादी के बंधन में बंध सकते हैं। जबकि कुछ में कहा गया कि कपल अगले साल सात फेरे लेगा। हालांकि अब फैन्स का इंतजार खत्म हो गया है क्योंकि दीपिका और रणवीर की शादी की तारीख से परदा हट चुका है। ताजा मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दीपिका-रणवीर नवबंर माह में शादी के बंधन में बंधेंगे।
डीएनए की एक रिपोर्ट के अनुसार, दीपिका-रणवीर के शादी के फंक्शन 12 नवंबर से 16 नवंबर के बीच आयोजित किए जाएंगे। माना जा रहा है कि दोनों 13 नवंबर को सात फेरे ले सकते हैं। शादी की तारीख सामने आने के बाद दोनों के फैन्स बेहद उत्साहित हैं। हालांकि दीपिका और रणवीर की वेडिंग डेस्टिनेशन अभी तक तय नहीं हुई है। हालांकि ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि इटली का लेक कोमो दोनों की डेस्टिनेशन लिस्ट में पहले नंबर पर है।
बीते महीने दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह को एक साथ एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया था। रणवीर सिंह रोहित शेट्टी की फिल्म ‘सिंबा’ के लिए स्पेशल गाना शूट करने के बाद स्विजरलैंड से वापस लौटे थे। जबकि दीपिका पादुकोण बेंगलुरू से मुंबई वापस आई थीं। दीपिका और रणवीर को एक साथ संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावत’ में देखा गया था। फैन्स दोनों को एक साथ बड़े पर्दे पर फिर से देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। कहा जाता है कि रणवीर और दीपिका के बीच नजदीकियां संजय लीला भंसाली की फिल्म गोलियों की रासलीला-रामलीला से बढ़ी थीं।
करियर की बात करें तो रणवीर सिंह की अपकमिंग फिल्में ‘गली बॉय’ और ‘सिंबा’ हैं। इसके अलावा वह करण जौहर की फिल्म ‘तख्त’ में भी नजर आएंगे।