दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह के शादी की खबरें पिछले काफी दिनों से आ रही हैं। हालांकि बॉलीवुड के इस पावर कपल की शादी की तारीख राज़ बनी हुई थी। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि दीपिका और रणवीर इस साल नवंबर माह में शादी के बंधन में बंध सकते हैं। जबकि कुछ में कहा गया था कि दीपिका और रणवीर अपने बिज़ी शेड्यूल के चलते अगले साल सात फेरे लेंगे।

हालांकि अब फैन्स का इंतजार खत्म हो गया है क्योंकि दीपिका और रणवीर की शादी की तारीख से पर्दा हट चुका है। दीपिका और रणवीर ने खुद ट्वीट कर अपनी शादी की तारीख का ऐलान किया है। बॉलीवुड के इस सुपरस्टार कपल की शादी 14 नवंबर को होगी और 15 नवंबर को रिसेप्शन होगा। शादी की तारीख सामने आने के बाद दोनों स्टार्स के फैन्स बेहद उत्साहित हैं। हालांकि दीपिका और रणवीर की वेडिंग डेस्टिनेशन अभी तक तय नहीं हुई है। हालांकि उम्मीद की जा रही है कि इटली के लेक कोमो में दोनों शादी करेंगे।

बीते महीने दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह को एक साथ एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया था। रणवीर सिंह रोहित शेट्टी की फिल्म ‘सिंबा’ के लिए स्पेशल गाना शूट करने के बाद स्विजरलैंड से वापस लौटे थे। जबकि दीपिका पादुकोण बेंगलुरू से मुंबई वापस आई थीं। दीपिका और रणवीर को एक साथ संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावत’ में देखा गया था। फैन्स दोनों को एक साथ बड़े पर्दे पर फिर से देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। कहा जाता है कि रणवीर और दीपिका के बीच नजदीकियां संजय लीला भंसाली की फिल्म गोलियों की रासलीला-रामलीला से बढ़ी थीं।

Navratri Festival: जब होली खेलते हुए दीपिका संग गरबा करने लगे रणवीर, ये हैं Bollywood की मशहूर गरबा जोड़ियां

करियर की बात करें तो रणवीर सिंह की अपकमिंग फिल्में ‘गली बॉय’ और ‘सिंबा’ हैं। इसके अलावा वह करण जौहर की फिल्म ‘तख्त’ में भी नजर आएंगे।