‘ससुराल सिमर का’ फेम दीपिका कक्कड़ और उनके पति शोएब इब्राहिम हाल ही में माता पिता बने हैं। दीपिका ने 21 जून को बेटे को जन्म दिया है। आमतौर पर डिलीवरी के 3 से 4 दिन के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल जाती है, लेकिन दीपिका 9 दिन बाद भी अस्पताल में भर्ती हैं। इसके पीछे का कारण है उनका बेटा। दरअसल वह प्रीमैच्योर बेबी है और इसी वजह से उसे डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया। अपने बेटे के लिए ही दीपिका अब तक अस्पताल में हैं।

दीपिका और शोएब व्लॉग के जरिए फैंस को अपनी लाइफ का हर अपडेट देते हैं। हालिया व्लॉग में इस कपल ने बच्चे से जुड़ी जानकारी दी और ये भी बताया कि क्यों दीपिका अब तक अस्पताल में हैं। उन्होंने बताया कि बच्चे को मां का दूध देना पड़ता है और अगर वह घर पर रहेंगी तो ऐसे में ये संभव नहीं हो पाएगा। दीपिका ने बताया कि उन्हें अपना मिल्क डिस्चार्ज करके बच्चे के लिए भेजना होता है और अस्पताल से घर काफी दूर है। इसलिए वह अस्पताल में रहकर अपने बच्चे को मिल्क दे रही हैं।

दीपिका को पता था बेटो होगा

दीपिका ने बताया कि उन्हें लग रहा था कि उनका बेटा होगा। इसके साथ ही शोएब ने व्लॉग में दीपिका का एक वीडियो शेयर किया जिसमें वह कह रही हैं,”वो रोना, मुझे लगता है जीवन की सबसे अच्छी चीज है। वो जो रो रहा था न जोर-जोर से…मैंने आपको बोला था कि मेरी गट फीलिंग है, बेटा ही होगा।”

बर्थडे के अगले ही दिन पिता बने शोएब

जिस दिन एक्ट्रेस ने बेटे को जन्म दिया, उससे एक दिन पहले ही शोएब का जन्मदिन था। दोनों ने साथ में केक काटा था और इसकी तस्वीरें उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर भी की थीं। कुछ ही घंटों बाद शोएब ने एक स्टोरी शेयर की और बताया कि उनके घर बेटे का जन्म हुआ है। बच्चा प्रीमैच्योर है लेकिन दोनों स्वस्थ हैं और खतरे से बाहर हैं।

दीपिका और शोएब एक साथ ‘ससुराल सिमर का’ में काम किया करते थे। उसी दौरान दोनों के बीच प्यार हो गया था। दीपिका ने अपने प्यार के किए दूसरे धर्म में शादी की और वह इस शादी से बहुत खुश भी हैं। दोनों की जोड़ी और प्यार फैंस को खूब पसंद आता है। इस जोड़ी को सोशल मीडिया पर खूब प्यार मिलता है।