बॉलीवुड के सबसे लोकप्रिय कपल में शुमार दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह 20 नवंबर को शादी रचाने जा रहे हैं। ये शादी इटली के लेक कोमो में होगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस शादी में केवल फैमिली मेंबर्स और दीपिका-रणवीर के करीबी दोस्त ही शामिल होंगे। हालांकि इटली में शादी रचाने के बाद मुंबई में एक भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया जाएगा और माना जा रहा है कि इस रिसेप्शन में बॉलीवुड की कई मशहूर हस्तियां शामिल हो सकती हैं। हालांकि दीपिका और रणवीर की शादी से 10 दिन पहले भी एक खास पूजा का आयोजन किया जाएगा।
स्पॉटब्वॉय की रिपोर्ट के मुताबिक, दीपिका की मां ने रणवीर सिंह और उनके पूरे परिवार को शादी से पहले एक भव्य पूजा में शामिल होने का न्यौता भेजा है। इटली में शादी रचाने से 10 दिन पहले रणवीर सिंह और उनका परिवार दीपिका के घर पर इस पूजा में शामिल होगा। रणवीर के माता-पिता नवंबर के पहले हफ्ते में बेंगलुरू जाएंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, शादी से पहले होने वाली इस पूजा को नंदी पूजा कहा जाएगा और इसे दीपिका के बेंगलुरू वाले घर में किया जाएगा। दीपिका की मां पहले ही नंदी मंदिर के अधिकारियों से बात करने के बाद पंडितों की बुकिंग भी कर चुकी हैं। रणवीर और दीपिका की मौजूदगी में ये सभी पंडित इस भव्य पूजा को करेंगे। इस पूजा के बाद दीपिका कांच की चूड़ियां भी पहनेंगी।
गौरतलब है कि इससे पहले खबरआई थी कि दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह की शादी में मेहमानों को मोबाइल फोन ले जाने की इजाजत नहीं होगी। इसके पीछे का कारण बताया जा रहा था कि ‘दीपवीर’ इस खास पल को केवल करीबी दोस्तों और परिवार जनों के साथ साझा करना चाहते है। शादी को प्राइवेट रखने के लिए कपल ने यह तरीका खोजा है। माना जा रहा है कि रणवीर और दीपिका की शादी में लगभग 30 गेस्ट शामिल होंगे। इस स्टार कपल की पसंदीदा जगह इटली ही है और दोनों इस दिन को सादगी और प्राइवेट तरीके से ही मनाना चाहते हैं। भारत लौटते ही दोनों इंडस्ट्री के दोस्तों के लिए ग्रैंड रिसेप्शन पार्टी का भी आयोजन करेंगे।