दारा सिंह किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं लेकिन कम ही लोगों को उनकी असली नाम पता होगा। उनका नाम दीदार सिंह रंधावा था मगर दुनिया उन्हें दारा सिंह के नाम से ही पहचानती है। उन्होंने रामानंद सागर की ‘रामायण’ में हनुमान का किरदार निभाया था और अपने काम से लोगों का दिल जीत लिया था। लोग उनकी प्रोफेशनल लाइफ के बारे में बहुत कुछ जानते हैं, मगर पर्सनल लाइफ के बारे में कुछ ही लोगों को पता है। आज इस खबर में हम उनके लव अफेयर की कहानी बताने जा रहे हैं।

दारा सिंह ने साल 1952 में आई फिल्म ‘संगदिल’ से एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी और इसके बाद वो एक के बाद एक कई फिल्मों में नजर आए। उन्होंने ‘मैं मां पंजाब दी’, ‘गुरु गोविंद सिंह’, ‘कहर’, ‘जुल्मी’, ‘हद कर दी’, ‘कल हो ना हो’ जैसी कई फिल्मों में काम किया। पहलवान होने के बावजूद दारा सिंह नरम दिल के इंसान थे और एक्ट्रेस मुमताज के प्यार में पड़ गए थे, हालांकि उनका प्यार ज्यादा दिनों तक नहीं चला।

दारा सिंह की मुलाकात मुमताज से तब हुई जब उनकी दूसरी फिल्म ‘फौलाद’ के निर्माता उनके साथ काम करने के लिए एक्ट्रेस की तलाश कर रहे थे। एक अच्छे अभिनेता होने के बाद भी कोई एक्ट्रेस दारा सिंह के साथ काम करने को तैयार नहीं थी। उस समय मुमताज फिल्मों में छोटे मोटे रोल कर रही थीं और उन्होंने दारा के साथ काम करने के लिए हामी भर दी।

दारा सिंह और मुमताज ने एक साथ ‘फौलाद’ में काम किया और जब ये फिल्म रिलीज हुई तो दोनों के अफेयर की खबर आग की तरह फैल गई। दारा सिंह और मुमताज एक साथ बहुत ज्यादा समय बिताने लगे थे, ये ही कारण है कि उनके रिश्ते के चर्चे हर जगह होने लगे। इस फिल्म ने मुमताज को भी पहचान दिलाई और उन्हें बॉलीवुड में अच्छे ऑफर मिलने लगे और वो इतनी व्यस्त हो गईं कि उनके पास दारा सिंह के लिए भी समय नहीं रहा। दोनों के बीच आई दूरी के कारण उनका रिश्ता खत्म हो गया और दारा सिंह ने इसे लेकर एक बार बात की थी। दारा सिंह ने कहा था, “बॉलीवुड ने मुमताज को मुझसे झीन लिया।”

दारा सिंह की पर्सनल लाइफ की बात करें तो उनकी पहली शादी 14 साल की उम्र में हो गई थी। उनकी पहली शादी 1937 में बचनो कौर से हुई थी, शादी के दस साल बाद, वे अलग हो गए और फिर उन्होंने 1961 में सुरजीत कौर से शादी कर ली। इस शादी से उनके तीन बेटे और तीन बेटियां हुईं।

दारा सिंह को कुश्ती से प्यार था और वो अक्सर अपने गांव में होने वाली कुश्ती में भाग लिया करते थे। दारा सिंह ने करीब 500 मुकाबले खेले। इनमें से उन्होंने 1956 में ऑस्ट्रेलियाई पहलवान किंग कांग और 1968 में विश्व चैंपियन लू थेज को हराया था।