‘दंगल गर्ल’ के नाम से मशहूर एक्ट्रेस सुहानी भटनागर (Suhani Bhatnagar) का 19 साल की उम्र में बीते दिन निधन हो गया। 16 फरवरी को एक्ट्रेस ने दुनिया को अलविदा कह दिया था। वो डर्मेटोमायोसाइटिस से जूझ रही थीं। खबरों की मानें तो बताया जा रहा है कि उन्हें दो महीने पहले उनके दाहिने हाथ में सूजन थी। इसे उन्होंने नॉर्मल समझा। बाद में उनके दूसरे हाथ में और फिर पूरे शरीर में सूजन आ गई। इसके बाद इंफेक्शन हो गया और फेफड़ों में पानी भर गया, जिसके बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। उनके निधन की खबर से सभी का दिल टूट गया। ऐसे में हाल ही में उनकी मम्मी पूजा भटनागर ने एक इंटरव्यू में बेटी को खोने का दर्द बयां किया है।

दरअसल, पूजा भटनागर ने हाल ही में ANI से बात की है। इस दौरान उन्होंने बेटी को लेकर कहा कि उन्होंने सुहानी की वजह से हमेशा गर्व महसूस किया है। उनका मानना है जब पेरेंट को उसके बच्चे के नाम से जाना जाता है तो इससे बड़ा गौरव का पल पेरेंट के लिए कुछ नहीं होता। पूजा कहती हैं कि उनकी कोई आइडेंटिटी नहीं थी। उनका मानना है कि अभी तक उन्हें जो पहचान मिली वो उनकी बेटी की वजह से ही मिली है। लोग उन्हें ‘दंगल गर्ल के पेरेंट्स’ कहते थे।

इसके साथ ही सुहानी भटनागर की मां पूजा भटनागर ने आमिर खान को लेकर बताया कि वो उनके परिवार के साथ शुरू से ही टच में थे। उन्हें सुहानी की बीमारी के बारे में भनक तक नहीं थी। दिवंगत एक्ट्रेस की मां ने बताया कि आमिर और उनकी प्रोडक्शन टीम को इसके बारे में किसी ने भी बताया नहीं था। पूजा भटनागर कहती हैं कि परिवार पहले से ही काफी डिस्टर्ब था। ऐसे में अगर आमिर को इसके बारे में पता चलता तो वो मदद के लिए आगे जरूर आते। कॉल-मैसेज के जरिए सुहानी की हालत के बारे में जरूर पूछते। सुहानी को लेकर उनके घरवाले काफी परेशान थे इसलिए उन्होंने किसी को भी इसकी जानकारी नहीं दी।

पूजा भटनागर ने बताया कि आमिर कान ने सुहानी के परिवार को अपनी आइरा खान की शादी में भी बुलाया था। शादी में आने के लिए फोन भी किया था।

आपको बता दें कि सुहानी भटनागर को आमिर खान की फिल्म ‘दंगल’ के लिए जाना जाता है। इसमें उन्होंने जूनियर बबीता का रोल प्ले किया था और रातों रात पॉपुलैरिटी हासिल की थी। हालांकि, इसके बाद उन्होंने कोई फिल्म नहीं की। क्योंकि वो उस समय अपनी पढ़ाई पर ध्यान देना चाहती थीं। पढ़ाई पूरी करने के बाद ही सुहानी फिल्मों में कदम रखना चाहती थीं।