भारतीय कल्ट क्लासिक फिल्म ‘शोले’ का अनकट, 4K वर्जन 12 दिसंबर सिनेमाघरों में दोबारा रिलीज किया गया। इस बार फिल्म का नाम ‘शोले: द फाइनल कट’ है, जिसमें असली क्लाइमैक्स देखने को मिलेगा। फिल्म को आए 50 साल हो चुके हैं और अब इतने सालों बाद इस फिल्म को एक बार फिर थिएटर में लाया गया है। यह फिल्म 1975 में रिलीज हुई फिल्म का 4K में रिस्टोर्ड वर्जन है। फिल्म को कथित तौर पर 1,500 थेटर्स में रिलीज किया गया है, जो भारतीय सिनेमा के इतिहास में सबसे बड़ी रिलीज है।

ये फिल्म है खास

1975 की इस फिल्म ये वर्जन काफी खास है, क्योंकि जब ये फिल्म 1975 में रिलीज हुई थी उस वक्त इसका असली क्लाइमैक्स हटा दिया गया था। रियल क्लाइमैक्स काफी हिंसक था, इस वजह से केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने सीन पर आपत्ति जताई थी और मेकर्स को उसे बदलना पड़ा था।

1975 की फिल्म शोले में, दर्शकों ने ठाकुर बलदेव सिंह (संजीव कुमार) को नुकीले जूतों से गब्बर सिंह (अमजद खान) को जान से मारने की कोशिश करते देखा था। मगर पुलिस ने उसे ये कहते हुए रोक लिया था कि वो कानून को हाथ में ना ले। हालांकि, सलीम-जावेद की लिखी कहानी में क्लाइमेक्स कुछ और ही था। उसमें संजीव कुमार का किरदार ठाकुर बलदेव सिंह, गब्बर सिंह को अपने नुकीले जूतों से मारकर बदला लेता है। इस बार क्लाइमैक्स में ये ही देखने को मिलेगा।

यह भी पढ़ें: ‘अब ये घुस के मारेगा’, रोहित शेट्टी को खूब पसंद आई ‘धुरंधर’, अक्षय खन्ना की एक्टिंग से हैरान हुए ‘पुष्पा’ स्टार अल्लू अर्जुन

इस फिल्म में अमिताभ बच्चन, धर्मेंद्र, हेमा मालिनी, जया बच्चन, संजीव कुमार, सचिन पिलगांवकर, गोवर्धन असरानी, ​​अमजद खान और अन्य प्रमुख भूमिकाओं में नजर आए। फिल्म की कहानी सलीम खान और जावेद अख्तर ने लिखी थी। अगस्त 1975 में रिलीज के समय दर्शकों ने इसे खूब सराहा था। इस साल अगस्त में फिल्म के 50 साल पूरे हो गए हैं।

यह भी पढ़ें: Year Ender 2025: धर्मेंद्र से मनोज कुमार और गोवर्धन असरानी तक, इस साल इन बड़े स्टार्स ने दुनिया को कहा अलविदा

पहले ये फिल्म 56वें ​​अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) में प्रदर्शित होनी थी। मगर इसे वहां नहीं दिखाया गया, कई लोगों का मानना ​​था कि धर्मेंद्र के निधन के कारण फिल्म का प्रदर्शन रद्द किया गया, लेकिन हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट में IFFI के एक अधिकारी के हवाले से कहा गया है कि फिल्म निर्माताओं की ओर से आई तकनीकी खराबी के कारण इसका प्रदर्शन रद्द किया गया।