भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। केंद्र और राज्य सरकारें इस महामारी से निपटने के लिए हरसंभव प्रयास में जुटी हैं। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग की अपील की है, लेकिन तमाम लोग इसे गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। इसी क्रम में बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत की भी कुछ तस्वीरें सामने आई हैं, जिसमें वे पूजा-पाठ करती दिखाई दे रही हैं। इस तस्वीर के सामने आने के बाद कंगना सोशल मीडिया पर लोगों के निशाने पर आ गई हैं। डॉ. कुमार विश्वास ने भी कंगना रनौत पर निशाना साधा है।

दरअसल, वरुण दास नाम के एक ट्विटर यूजर ने एक खबर का लिंक शेयर करते हुए लिखा, ‘कोरोना फैलाने में पढ़े-लिखे गंवारों का बड़ा हाथ है। पहले इन्होंने क्वारंटीन के नियमों को ठेंगा दिखाया…आम जनता इन फिल्मी सितारों की पूजा करती है और अनुसरण करती है .. क्या राष्ट्रीय संकट के समय में भी कोई इतना असंवेदनशील हो सकता है?’ बता दें कि कंगना रनौत ने 23 मार्च को अपना 33 वां जन्मदिन मनाया था। किया। लॉकडाउन के बावजूद कंगना ने मनाली स्थित अपने घर पर परिवार और दोस्तों के लिए पूजा का आयोजन किया था।

कुमार विश्वास ने इसी ट्वीट का जवाब देते हुए कंगना रनौत पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, ‘कोई बात नहीं… इस साल पद्मश्री मिला है! अगली 26 जनवरी पर भारत-रत्न मिल जाएगा। फिर फटी एड़ियों की क्रीम और तेल-साबुन, इन्वर्टर-RO का विज्ञापन कर ही लेंगी। आख़िर देश और सरकारों के दुलारे हैं ये सब नायक-महानायक-नायिकाएं’। आपको बता दें कि भारत में बुधवार की दोपहर 12 बजे तक कोरोना से संक्रमित कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 562 हो गई, जबकि अभी तक इस वायरस से संक्रमित कुल 10 लोगों की जान जा चुकी है।

कोरोना वायरस के बढ़ते प्रसार को रोकने के लिए भारत सरकार ने पूरे देश में 21 दिनों का लॉकडाउन घोषित किया है। एक दिन पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को संबोधित किया और लॉग डाउन की घोषणा की। उन्होंने कहा कि लोगों की जान बचाने के लिए यह जरूरी है। अगर 21 दिन का लॉक डाउन नहीं किया को देश 21 साल पीछे चला जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि अपने घरों से कतई न निकलें।