स्टैंड अप कॉमेडियन और एक्टर राजीव निगम के बेटे देवराज का निधन हो गया है। उनकी मृत्यु का समाचार राजीव निगम ने रविवार को फेसबुक के जरिए दी है। जिस दिन उनके बेटे की मृत्यु हुई, उसी दिन राजीव निगम का जन्मदिन भी था। उन्होंने फेसबुक पर लिखा, ‘क्या सरप्राइज़ बर्थडे गिफ्ट है, मेरे बेटा देवराज आज मुझे छोड़ कर चला गया। बिना केक काटे, पगला ऐसा कोई गिफ्ट देता है क्या?’ राजीव निगम ने इस छोटे से पोस्ट में अपने बेटे देवराज के साथ अपनी तस्वीर भी शेयर की है।
दरअसल उनके बेटे की तबियत पिछले कुछ सालों से खराब चल रही थी। राजीव निगम में 2018 में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखकर अपने फैन्स को बेटे की स्थिति से अवगत कराया था। हालांकि उन्होंने अपने बेटे से जुड़ी अधिक जानकारी नहीं दी थी। उन्होंने बताया था कि उनका बेटा वेंटिलेटर पर है और अपने ज़िंदगी की लड़ाई लड़ रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, देवराज दो साल पहले तब बीमार हुए थे, जब वो अपने दोस्तों के साथ बाहर से खेलकर घर लौटे थे। तभी से वो कोमा में थे और उनकी स्थिति चिंताजनक थी।
आपको बता दें कि राजीव निगम ने अपने करियर की शुरुआत बतौर स्टैंड अप कॉमेडियन की थी। वो टीवी के कॉमेडी शो, ‘लाफ्टर चैलेंज 2′ के रनर अप रहे और उन्होंने ‘कॉमेडी सर्कस जुबली शो के विनर भी रहे थे। राजीव निगम अपनी पत्नी अनुराधा निगम के साथ 2011 की टेलीविजन सीरीज ‘मां एक्सचेंज’ में भी नजर आए थे।
वो 2018 में ‘हर शाख पर उल्लू बैठा है’ शो में भी मुख्य भूमिका में नजर आए थे। लेकिन इसकी शूटिंग उन्होंने बड़ी मुश्किल से पूरी की थी क्योंकि उनके बेटे की सेहत बहुत खराब थी। इसके बाद राजीव निगम ने टेलीविजन और शोज़ से दूरी बना ली और अपने परिवार का ध्यान रखने लगे थे। वो अपने परिवार के साथ अपने होमटाउन कानपुर में ही रहने लगे थे। राजीव निगम के पिता का देहांत 2020 में हो गया था जो उनके लिए एक बड़ा झटका था। अब उनके 9 साल के बेटे के असामयिक मृत्यु से उन्हें एक और अपूरणीय क्षति हुई है।