अमिताभ बच्चन का नाम सुनते ही सबसे पहले मन में क्या ख्याल आता है? इस नाम से मन में एक फील आता है कि हां किसी रईस और बड़े आदमी का नाम है। ये एक ब्रैंड की तरह लगता है। भला लगे भी क्यों ना। अमिताभ बच्चन फिल्म इंडस्ट्री की एक बड़ी शख्सियत जो हैं। उन्हें सदी का महानायक और बिग बी भी कहा जाता है लेकिन, उनके इस नाम की बात ही कुछ और है। अमिताभ से ज्यादा तो उनका सरनेम ‘बच्चन’ कुछ ज्यादा ही आकर्षक है। बिग बी की पर्सनैलिटी पर ये सूट भी खूब करता है। लेकिन, क्या आपको पता है कि उन्हें ये सरनेम मिला कैसे? उनका असली सरनेम तो कुछ और है। चलिए बताते हैं।

दरअसल, अमिताभ बच्चन ने अपने सरनेम के बदलाव से जुड़ा किस्सा खुद शेयर किया था। ‘बच्चन’ सरनेम से जुड़ा किस्सा बरसों पुराना है। उनके पिता हरिवंश राय बच्चन ने ही बिग बी को ये उपनाम दिया था। एक्टर ने बताया था कि उनके पिता खुद को जाति के बंधन से आजाद रखना चाहते थे। कवि होने की वजह से उन्हें ‘बच्चन’ उपनाम मिला था। जब अमिताभ बड़े हुए और उनका स्कूल में दाखिला करवाने के लिए हरिवंश राय बच्चन गए तो टीचर ने उनसे पूछा था कि सरनेम क्या होना चाहिए? यही वो पल था जब बिग बी के पिता ने तय किया था कि उनके बेटे का सरनेम बच्चन होगा। वो अपने परिवार में बच्चन नाम पाने वाले और इसे आगे बढ़ाने वाले पहले बच्चे हैं।

कायस्थ थे पिता, सिख परिवार में की थी शादी

अमिताभ बच्चन ने अपनी असली जाति के बारे में बताते हुए कहा था कि ‘बच्चन’ कोई कास्ट नहीं है। ना ही इस सरनेम से उनकी कास्ट को पहचाना जा सकता है। एक्टर ने ये भी बताया था कि उनके पिता हरिवंश राय बच्चन कायस्थ यानी कि श्रीवास्तव थे। उन्होंने सिख परिवार में शादी की थी। उनके पिता हमेशा से ही जाति को नहीं मानते थे और ना ही इसे बंधकर रहना चाहते थे। इसलिए, उन्होंने अपना पेन नेम बेटे अमिताभ को दे दिया था और बिग बी की फैमिली को ‘बच्चन फैमिली’ के तौर पर ही जाना जाता है। आज ये केवल सरनेम नहीं बल्कि एक ब्रैंड बन चुका है।

प्रभास-दीपिका के साथ शेयर करेंगे स्क्रीन

बहरहाल, अगर अमिताभ बच्चन के वर्कफ्रंट की बात की जाए तो वो जल्द ही प्रभास और दीपिका पादुकोण के साथ स्क्रीन शेयर करते हुए नजर आने वाले हैं। इनकी तिकड़ी फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ में नजर आने वाली है। इसे 27 जून को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। ये पहली बार होगा जब दीपिका, प्रभास और अमिताभ बच्चन स्क्रीन पर साथ में नजर आने वाले हैं। बिग बी को इसके पहले ‘घूमर’ में कैमियो रोल में देखा गया था। इसमें वो कमेंट्री करते हुए दिखे थे।