CineGram: रेखा 10 अक्टूबर को अपना 70 वां जन्मदिन मना रही हैं, इस उम्र में भी रेखा अपनी खूबसूरती और अदा से लोगों को अपना दीवाना बना लेती हैं। हाल ही में हुए IIFA 2024 में रेखा ने 20 मिनट तक परफॉर्म किया और साबित कर दिया आज भी सदाबहार एक्ट्रेस का कोई मुकाबला नहीं है। रेखा ने अपने करियर में एक से एक फिल्में की हैं, चाहे वो रोमांटिक किरदार हो या फिर बोल्ड, उन्होंने हर तरह का रोल किया है। साल 1997 में आई रेखा की फिल्म ‘कामसूत्र’ Kamasutra-A Tale Of Love आई थी और इस फिल्म में तहलका मचा दिया था।

इस फिल्म में रेखा ने लव गुरु का किरदार निभाया था, जिसका नाम रसदेवी होता है। फिल्म मीरा नायर की थी और इसे इंटरनेशनल प्रोड्यूसर्स ने बनाया था, भारत में ये 1998 में रिलीज हुई थी और इसे लेकर खूब विवाद हो गया था। पहले ही फिल्म दुनियाभर में छा चुकी थी, मगर भारत में इसे स्वीकार कर पाना मुश्किल हो गया था। सेंसर बोर्ड ने भी फिल्म को बहुत मुश्किल से कई कट लगाने के बाद पास किया था

क्या था रेखा का किरदार?

रेखा का किरदार काफी बोल्ड था, फिल्म में रेखा रसदेवी नाम की महिला दिखाई गई थीं जो एक आश्रम चलाती है। वो आश्रम जहां मर्द और औरतें दोनों ही प्यार करने के तरीके सीखने आते हैं। फिल्म में कई लव मेकिंग सीन थे, जिन्हें लेकर काफी चर्चा हो रही थी। हालांकि रेखा का रोल इसमें साधारण था। अब ओटीटी पर इस तरह की फिल्में दिखाई देती हैं, मगर उस वक्त इस फिल्म को थिएटर में चलाया गया था। हर उम्र का इंसान इस फिल्म को देखना चाहता था, मगर समाज की सोच के डर के कारण महिलाएं इसे चाह कर भी नहीं देख पा रही थीं।

औरतों के लिए चलाए गए शोज

मुंबई के डिस्ट्रीब्यूटर बालकृष्ण श्रॉफ ने महिलाओं के लिए फिल्म के अलग शोज रखने का फैसला लिया। करीब 10 से 12 सिनेमाघरों में फिल्म के शोज रखे गए जो केवल औरतों के लिए ही थे। ये शोज दोपहर के तीन बजे के थे और ये तरीका काम आया। इसके बाद देशभर में महिलाओं के लिए स्पेशल शोज रखे गए और फिल्म चल गई।

रेखा ने 1966 में तेलुगु फिल्म ‘रंगुला रत्नम’ के साथ बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट काम किया था। इसके बाद 1969 में वह कन्नड़ फिल्म ‘ऑप्रेशन जैकपॉट नल्ली सीआईडी 999’ में बतौर एक्ट्रेस नजर आईं। करियर की शुरुआत में उन्हें हिंदी बोलनी नहीं आती थी, लेकिन 1981 में ‘उमराव जान’ फिल्म के लिए उन्होंने उर्दू भी सीखी। ये फिल्म रेखा के करियर के लिए मील का पत्थर साबित हुई।