CineGram: बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर मिथुन चक्रवर्ती (Mithun Chakraborty) को इंडस्ट्री में ‘डिस्को डांसर’ के नाम से भी जाना जाता है। अब वो भले ही पर्दे पर कम नजर आते हैं लेकिन रियलिटी शोज में अक्सर नजर आ जाते हैं। आज भले ही मिथुन के पास दौलत और शोहरत सब कुछ है लेकिन, एक समय था जब उनके बुरे दौर में गर्लफ्रेंड तक ने साथ नहीं दिया था। वो उन्हें छोड़कर चली गई थी। इस किस्से का जिक्र एक्टर ने खुद एक बार रियलिटी शो में किया था।
दरअसल, मिथुन चक्रवर्ती ने एक्स गर्लफ्रेंड से जुड़ा किस्सा तब सुनाया था जब वो टीवी रियलिटी शो ‘सा रे गा मा पा’ में नजर आए थे। यहां उन्होंने एक कंटेस्टेंट की हार्ट ब्रेक वाली स्टोरी सुनी थी, जिस पर उन्होंने खुद से जुड़ा किस्सा शेयर किया था। मिथुन ने कहा था कि ऐसा ही कुछ उनके साथ हुआ था। वो भी इश्क कर बैठे थे। प्यार में पागल हो गए थे।
जब एक्स गर्लफ्रेंड से मिले मिथुन
मिथुन ने अपने प्यार का किस्सा आगे बढ़ाते हुए कहा था कि स्ट्रगल के दिनों में जिस लड़की ने उनका साथ छोड़ा था, उसी ने एक दिन अफसोस भी जताया था। एक्टर कहते हैं कि लड़की के छोड़ के जाने के बाद उनका भी समय फिरा वो स्टार से सुपरस्टार और फिर महा सुपरस्टार बन गए। एक्टर ने बताया था कि वो ब्रेकअप के सालों बाद एक्स गर्लफ्रेंड से प्लेन में मिले थे। उन्होंने देखा था कि वो उनसे नजरें बचाने की कोशिश कर रही थीं। इसे देखकर वो खुद उनके पास चले गए। उनसे पूछा कि वो मिथुन से नजर क्यों नहीं मिला रहीं? फिर उन्होंने अपना चेहरा घुमा लिया। इस पर एक्टर को लगा कि वो शर्मिंदगी महसूस कर रही हैं। ऐसे में मिथुन ने उन्हें उस समय कहा कि उन्होंने सही किया था।
एक्स गर्लफ्रेंड को हो रहा था पछतावा
मिथुन चक्रवर्ती उर्फ डिस्को डांसर ने आगे बताया कि उनकी बातों ने एक्स गर्लफ्रेंड को रिलैक्स महसूस करवाया था। ऐसे में एक्टर ने उनसे कहा था कि स्ट्रगल कर रहे किसी इंसान के साथ ना रहने का उनका फैसला गलत नहीं था। उसके लिए सही था। इसके बाद मिथुन की बात सुनकर वो लड़की रोने लगी थी और उसने कहा था कि एक्टर को छोड़कर गलती की है। इस पर मिथुन ने कहा था कि शायद वो ऐसा नहीं करतीं तो ये लेजेंड नहीं बन पाते।