CineGram: दिग्गज गायक किशोर कुमार आज भले ही इस दुनिया में नहीं हैं लेकिन अपने बेहतरीन गानों की वजह से वो आज भी लोगों के दिलों में जिंदा हैं। उनकी आवाज का जादू आज भी सिर चढ़कर बोलता है। उनके गाने संगीत प्रेमियों की पहली पसंद हैं। उन्होंने अपने करियर में हिंदी, बंगाली, असमिया, गुजराती, भोजपुरी, कन्नड़, मलयालम और उर्दू जैसे गाने गाए। प्रोफेशनल लाइफ के साथ ही उनकी निजी जिंदगी के चर्चे भी खूब रहे हैं। किशोर दा ने चार शादियां की थी। ऐसे में आज हम आपको उनसे जुड़ा एक किस्सा बता रहे हैं, जब उन्होंने उस जमाने की सबसे महंगी कार को अपने ही बंगले के नीचे दफन कर दिया था। ये उनकी पहली कार थी। चलिए बताते हैं उनसे जुड़े इस किस्से के बारे में।
किशोर कुमार की जिंदगी में चर्चित किस्से खूब रहे हैं। इसमें 25 पैसे प्रति गाना चार्ज करना, प्रोड्यूसर से अपने पैसे वसूलने के लिए आधा सिर मुंडवा लेना जैसे किस्से शामिल हैं। इसी में से एक मजेदार किस्सा कार को बंगले के नीचे दफन का है। इसका खुलासा खुद उनके बेटे अमित कुमार ने किया था। किशोर कुमार ने अपनी पहली गाड़ी के रूप में उस दौर की सबसे महंगी कार खरीदी थी।
किशोर कुमार का बंगला गौरी कुंज में एक समय पर खूब फिल्मी हलचल हुआ करती थी। ऐसे में क्या हुआ कि अमित कुमार, कपिल के शो में पहुंचे थे और इस दौरान कॉमेडियन ने उनसे सवाल किया था कि उनके घर के नीचे कार दबी हुई है? इस पर अमित कुमार ने मुस्कुराते हुए इस बात को सही ठहराया था और बताया कि उनका जो बंगला है, किशोर कुमार का बंगला… वो जब पहली बार हीरो बने थे तो उन्होंने पहले वो गाड़ी खरीदी थी। अमित कुमार ने कहा कि उनकी मम्मी और किशोर कुमार ने ग्रीन कलर की वो गाड़ी खरीदी थी। ये बात 1949 की है। 1950 में उनकी शादी हुई थी। गाड़ी उनके पास 10-12 साल थी। अमित ने बताया कि उन्होंने खुद भी इसे 1959 तक देखा था। वो ग्रीन कलर की थी।
पत्नी से हुआ तलाक तो दफना दी कार
जमीन के नीचे कैसे पहुंची? के सवाल पर जवाब देते हुए अमित कुमार ने हंसते हुए बताया कि इसकी वजह उनके पेरेंट्स का अलग होना है। अमित ने बताया कि उनके पिता जी ऐसे ही थे। उस दिन उनका तलाक हुआ था तो उन्होंने गाड़ी को ही दफना दिया। 2022 में दिए इंटरव्यू में अमित कुमार ने बताया कि जिस कार को दफनाया गया था वो ग्रीन कलर की मॉरिस माइनर कार थी।
एक्टिंग में किस्मत आजमा चुकीं रुमा
अमित की मां और किशोर कुमार की पत्नी रुमा गुहा ठाकुरता थीं। वो इंडिया के आइकॉनिक फिल्मफेयर सत्यजित रे की भांजी थीं। 1950 में उनकी किशोर कुमार से शादी हुई थी फिर 1952 में अमित का जन्म हुआ था। रुमा ने भी एक्टिंग में अपनी किस्मत आजमाई थी। उन्होंने दिलीप कुमार के साथ फिल्म ‘ज्वार भाटा’ से करियर की शुरुआत की थी।
किशोर कुमार ने की थी 4 शादियां
किशोर से तलाक लेने के बाद रुमा ने दोबारा शादी की थी। उनके दो बच्चे और हुए। 2019 में कोलकाता में उनका निधन हो गया। वहीं, रुमा से अलग होने के बाद किशोर कुमार ने तीन और शादियां की थी। इसमें मधुबाला, योगिता बली और लीना चंदावरकर का नाम शामिल है। लीना 1987 में किशोर के निधन तक उनके साथ रही थीं।