90 के दशक की हिट फिल्म ‘हम आपके हैं कौन’ सभी को याद होगी। भला याद भी क्यों ना हो। मल्टीस्टार से सजी इस फिल्म को भला कोई भूल कैसे सकता है। इसके एक-एक गाने और सीन आज भी लोगों के जहन में है। फिल्म जब भी टीवी पर स्ट्रीम की जाती है तो लोग बड़े ही चाव से देखते हैं। इसमें सलमान खान, करिश्मा कपूर, सैफ अली खान, शक्ति कपूर, मोहनिश बहल, सोनाली बेंद्रे, आलोक नाथ और हिमानी शिवपुरी जैसे सेलेब्स अहम रोल में थे। ऐसे में इस फिल्म की शूटिंग से जुड़ा किस्सा बता रहे हैं। इसकी शूटिंग के दौरान सलमान को सरेआम थप्पड़ पड़ गया था।
जी हां, आपने बिल्कुल सही पढ़ा। फिल्म ‘हम आपके हैं कौन’ की शूटिंग के दौरान सलमान खान को सरेआम थप्पड़ पड़ गया था और ये थप्पड़ किसी और ने नहीं बल्कि को-एक्ट्रेस हिमानी शिवपुरी ने मारा था। इस किस्से के बारे में उन्होंने खुद बताया था। फिल्म में एक्ट्रेस का रोल डॉ. रजिया का था। इसमें वो शक्ति कपूर की पत्नी बनी थीं। उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग के दौरान सलमान खान काफी शरारत किया करते थे।
एक्ट्रेस ने थप्पड़ कांड को लेकर बताया कि सलमान खान के साथ उनका एक सीन था। इसमें वो हिमानी को चाची जान कहते हैं। सूरज बड़जात्या ने दोनों को इस सीन के बारे में समझा दिया था कि कैसा करना है। लेकिन, सीन फिल्माते समय अचानक से सलमान खान कते हैं, ‘चाची जान’ और एक्ट्रेस को गोद में उठा लेते हैं। इसे देख वो हैरान रह गईं। फिर क्या था हिमानी ने भाईजान को थप्पड़ जड़ दिया। अब ये देखकर सेट पर मौजूद सभी लोग हैरान रह गए कि ये क्या हो गया? यहां तक कि सूरज खुद भी हैरान रह गए। लेकिन, उन्होंने कहा कि ये अच्छा लग रहा है और इसे फिल्म में रखेंगे। हिमानी ने बताया कि जब सलमान के साथ उन्हें दूसरा सीन शूट करना था तो इसके लिए वो पहले ही तैयार थीं। इसमें भी सलमान ने हिमानी को उठाना था।
हिमानी संग इन फिल्मों में काम कर चुके हैं सलमान खान
हिमानी बताती हैं कि सलमान खान उस समय बहुत शरारती थे। उन्होंने उनके साथ काम करने का अनुभव काफी बेहतरीन बताया। सलमान अपने घर से पूरी कास्ट और क्रू के लिए बिरयानी लेकर आया करते थे। बहरहाल, हिमानी और सलमान खान ने एक साथ कई फिल्मों में काम किया है। इसमें ‘हम साथ साथ हैं’, ‘बीवी नंबर 1’, ‘दुल्हन हम ले जाएंगे’ और ‘जब प्यार किसी से होता है’ जैसी फिल्मों के नाम शामिल हैं।
सलमान खान का वर्कफ्रंट
अब अगर सलमान खान के वर्कफ्रंट की बात की जाए तो एक्टर अगली ईद की रिलीज की तैयारी में बिजी हैं। वो ‘सिकंदर’ में नजर आने वाले हैं। इन दिनों फिल्म की शूटिंग में बिजी हैं। इसका निदेशन मुरुगादॉस कर रहे हैं और इसमें उनके साथ साउथ एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना नजर आने वाली हैं। ऐसा पहली बार होगा जब दोनों की जोड़ी एक साथ किसी फिल्म में दिखाई देगी। फिल्म में सत्यराज और प्रतीक बब्बर भी अहम रोल में हैं। इसे ईद 2025 के मौके पर रिलीज किया जाएगा। साजिद नाडियाडावाला इसे प्रोड्यूस कर रहे हैं।
